यूपी क्राइम ब्रांच पुलिस की सूचना पर रांची पुलिस का बड़ा एक्शन, जप्त किया 30 लाख रुपए मूल्य का भारी मात्रा में एक ट्रक कफ सिरप, चालक गिरफ्तार…
राँची – राजधानी रांची में नशे के तस्करों पर पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने चान्हो के टांगरबसली मोड़ के पास शनिवार की रात भारी मात्रा में कफ सीरप से लदे ट्रक को पकड़ा है। ट्रक उत्तर प्रदेश के रास्ते राँची के चान्हो आ रहा था।यूपी क्राइम ब्रांच पुलिस की सूचना पर रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर राँची पुलिस ने ट्रक के साथ उसके चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम ने 13 हजार 400 बोतल कफ सीरप जब्त किया है।वही गिरफ्तार चालक वसीम निजाम शेख है। वह महाराष्ट्र के मुंबई का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए कफ सीरप की कीमत करीब 30 लाख रुपए है।

मामले का खुलासा करते हुए रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि एक नवंबर की रात रांची एसएसपी को यूपी क्राइम ब्रांच के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ट्रक पंजीयन सं०- NL01AH-5510 में अवैध रूप से कफ सिरप लोड कर रांची जिला के चान्हो थाना की ओर से कहीं अन्यंत्र जगह बेचने के लिए ले जाया जा रहा है।

इसके बाद खलारी डीएसपी रामनारायण चधरी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने चान्हो इलाके में एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की। इसी क्रम में मांडर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक रोका। पूछताछ में ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि गाड़ी में सड़ा हुआ चावल लोड है। इसके बाद पुलिस की टीम ने ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के क्रम में ट्रक में सड़ा हुआ चावल का बोरी लोड पाया गया, चावल की बोरी को हटाकर देखने पर सफेद रंग के प्लास्टिक के 134 बोरी बन्द अवस्था में कफ सिरप पाया गया। जिसे पुलिस ने जब्त किया। साथ ही चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी चालक ने पुलिस को बताया कि उसे गाजियाबाद से ट्रक दिया गया था और कहा गया था कि राँची के नेवरी तक कफ सीरप पहुंचाना है। वहां से कोई और चालक उस ट्रक को लेकर जाएगा। इसी आधार पर वह ट्रक लेकर राँची पहुंचा था



