ठाकुरगंज स्टेशन पर झरने की तरह बरसा पानी, यात्री बने दर्शक
बारिश में टपकता रहा स्टेशन का शेड, व्यवस्था पर उठे सवाल

किशनगंज,01जून(के.स.)। फ़रीद अहमद, ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पर हाल ही में लगाए गए शेड की गुणवत्ता बारिश के दौरान सवालों के घेरे में आ गई। बारिश शुरू होते ही शेड से कई जगहों पर झरने की तरह पानी गिरने लगा, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
स्टेशन पर मौजूद लोगों ने बताया कि यात्रियों को बारिश से बचाने के लिए बनाए गए शेड से ही पानी टपकने लगा। कुछ यात्री इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए, जबकि कई लोग शेड के नीचे खड़े रहने के बजाय सुरक्षित स्थान तलाशते रहे।
लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस शेड का उद्देश्य यात्रियों को मौसम की मार से बचाना था, वही बारिश के दौरान परेशानी का कारण बन गया।
बारिश के दौरान शेड से लगातार गिरते पानी का दृश्य चर्चा का विषय बना रहा।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मामले की जांच कर शेड की खामियों को जल्द दूर करने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में यात्रियों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।



