किशनगंज: मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर डीएम का गांव भ्रमण, ग्रामीणों से संवाद और निर्देश

किशनगंज,04जुलाई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को ध्यान में रखते हुए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल राज ने कोचाधामन प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की और ग्रामीणों से सीधा संवाद भी किया।
डीएम ने सबसे पहले मझगामा पंचायत अंतर्गत रूहिया गांव का दौरा किया, जहां बीएलओ सुपरवाइजर जितेंद्र कुमार मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर मतदाता सूची से संबंधित उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। मौके पर पंचायत के मुखिया नसीम अंसारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
इसके बाद डीएम ने रंगामणि गांव का निरीक्षण किया, जहां बीएलओ नौशाद आलम उपस्थित रहे। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को समय सीमा में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त, तेघरिया पंचायत के बेहिचाकुट्टी गांव के निरीक्षण के दौरान डीएम ने ऑनलाइन कार्य की अनिवार्यता पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि नेटवर्क की समस्या होने के बावजूद निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्य जारी रहना चाहिए और प्राप्त आवेदनों के दस्तावेजों का समुचित सत्यापन एवं ऑनलाइन अपलोडिंग समयबद्ध रूप से होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
डीएम ने यह भी जानकारी दी कि गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के साथ जन्म तिथि एवं जन्म स्थान की पुष्टि के लिए निम्नलिखित दस्तावेजों में से किसी एक का संलग्न होना अनिवार्य है:
- सरकारी कर्मचारी/पेंशनभोगी का पहचान पत्र या पेंशन आदेश।
- 01.07.1987 से पूर्व का कोई सरकारी दस्तावेज।
- जन्म प्रमाण पत्र।
- पासपोर्ट।
- बोर्ड/विश्वविद्यालय द्वारा जारी शैक्षणिक प्रमाण पत्र।
- स्थायी निवास प्रमाण पत्र।
- वन अधिकार प्रमाण पत्र।
- जाति प्रमाण पत्र।
- नागरिकों का राष्ट्रीय रजिस्टर (जहां उपलब्ध)।
- परिवार रजिस्टर।
- भूमि/मकान आवंटन प्रमाण पत्र।
जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आगामी चुनाव निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।