District Adminstrationकिशनगंजब्रेकिंग न्यूज़राज्यस्वास्थ्य

किशनगंज : फाइलेरिया रोग के प्रति लोगों में बढ़ी है जागरूकता, लोग उत्साहित होकर करा रहे हैं जांच

जिले में नाइट ब्लड सर्वे सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है, कार्यक्रम की सफलता में स्वास्थ्य कर्मी व स्थानीय जनप्रतिनिधि की भूमिका सराहनीय

किशनगंज, 22 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत शहरी क्षेत्र के साथ सातों प्रखंडों में नाइट ब्लड सर्वे का कार्य सफलता पूर्वक संचालित किया जा रहा है। सिविल सर्जन डा० कौशल किशोर ने बताया कि सर्वे के लिये चिह्नित सेशन साइट पर रक्त नमूनों के संग्रह का कार्य लगातार किया जा रहा है। संबंधित स्वास्थ्य केंद्र में रक्त पट्टिकाओं की जांच भी जारी है। कार्यक्रम के दौरान लोगों में जांच के प्रति उत्साह देखा जा रहा है। हर एक साइट पर लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। जो फाइलेरिया रोग के प्रति आम लोगों के संवेदनशील रवैय्या को दर्शाता है। गौरतलब है कि फाइलेरिया के परजीवी रात के समय ज्यादा सक्रिय होते हैं। देर रात रक्त नमूनों की जांच से शरीर में मौजूद फाइलेरिया परजीवी का पता आसानी से लगाया जा सकता है। ताकि समय रहते इसका बेहतर प्रबंधन किया जा सके। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डा० मंजर आलम ने बताया कि हाल के वर्षां में रोग के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ी है। लिहाजा लोग जांच को प्राथमिकता दे रहे हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा इस बार जिले में संचालित जांच पूर्व की तुलना में बेहद सफल साबित हो रही है। इसमें विभागीय कर्मियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, सहयोगी संस्था एवं मिडिया से मिल रहे सहयोग को सराहा। उन्होंने कहा कि विभिन्न पीएचसी के माध्यम से रक्त पट्टिकाओं की जांच भी जारी है। इसकी सत्यता को परखने के लिये इस बार रैंडम जांच का भी इंतजाम है। सिविल सर्जन डॉ कौशल किशोर ने कहा कि लोगों के शरीर में पल रहे फाइलेरिया परजीवी का पता लगाने के लिये नाइट ब्लड सर्वे सबसे पुख्ता व सुविधाजनक माध्यम है। जांच के लिये सेशन साइट के चयन में विशेष सावधानी बरती गयी है। इसमें एक ऐसे इलाके को शामिल किया गया है, जहां फाइलेरिया के मामले अधिक हैं। वहीं दूसरा स्थान वैसा है जहां अपेक्षित रूप से मरीज कम हैं। ताकि जांच के नतीजों को सही तरीके से विश्लेषण किया जा सके। आम लोगों से उन्होंने आगामी 10 अगस्त से संचालित सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की। नाइट ब्लड सर्वे के संबंध में जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डा० मंजर आलम ने बताया कि सभी स्थानों पर निर्धारित तिथि को विशेष कैंप लगाकर लोगों का रक्त संग्रह किया जा रहा है। कार्यक्रम की सफलता में स्थानीय जनप्रतिनिधि, बीएचएम, बीसीएम, संबंधित क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कर्मियों के साथ फाइलेरिया पेशेंट सपोर्ट समूह के सदस्य अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। पेशेंट सपोर्ट समूह के सदस्यों द्वारा घर घर जाकर लोगों को सर्वे के महत्व व इसके उद्देश्य के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भागीदारी निभाने की बात उन्होंने कही। जिले के सभी 7 प्रखंड के एक -एक पंचायत व किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र सहित कुल 08 स्थान पर सेशन साइट संचालित किया जा रहा है। जहां 20 साल से अधिक उम्र के लोगों का ब्लड सैंपल जांच के लिये संग्रह किया जा रहा है। सभी सेशन साइट पर प्रशिक्षित लैब टेक्नीशियन के साथ अन्य स्वास्थ्य कर्मी प्रतिनियुक्त किये गये हैं। अभियान में अब तक 2413 लोगों के रक्त के नमूने लिए गए। इस संबंध डॉ मंजर आलम ने कहा कि प्रखंडों में नाइट ब्लड सर्वे अभियान आगामी 26 जून तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत कुल 4800 सौ रक्त के नमूने लेने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान की खासियत है कि इसमें रक्त के नमूने रात के आठ बजे से लेकर 12 बजे तक लिए जाते हैं। रात में इसके सैंपल लेने का मुख्य कारण है कि शरीर में फाइलेरिया के परजीवी ज्यादा एक्टिव होते हैं। ब्लड सैंपल कलेक्शन के बाद 24 घंटे के अन्दर स्टैनिंग की प्रक्रिया को करा ली जाएगी।

Related Articles

Back to top button