किशनगंज : निःशुल्क शतरंज प्रतियोगिता में सोमदीप, अनंत, सुरोनॉय व आयुष ने मारी बाजी

किशनगंज, 26 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, खेल भवन सह व्यायामशाला, खगड़ा में रविवार को जिला शतरंज संघ किशनगंज के तत्वावधान में चेस क्रॉप्स अकादमी द्वारा निःशुल्क शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी आदित्य कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि शतरंज केवल मनोरंजन का खेल नहीं, बल्कि मानसिक विकास, अनुशासन और तार्किक क्षमता को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने जिले में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए चेस क्रॉप्स अकादमी एवं जिला शतरंज संघ के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
कार्यक्रम में जिला शतरंज संघ के उपाध्यक्ष राजेश कुमार दास एवं स्मिता कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। प्रतियोगिता का संचालन एवं मुख्य निर्णायक (चीफ आर्बिटर) की जिम्मेदारी संयुक्त सचिव सुधांशु सरकार ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में रौनक सोनी, देव ठाकुर और राजकुमार साह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के आयोजन सचिव एवं चेस क्रॉप्स अकादमी के सीईओ कमल कर्मकार थे, जबकि जिला शतरंज संघ के महासचिव शंकर नारायण दत्ता के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। महासचिव ने बताया कि सभी विजेता खिलाड़ियों को आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान की गईं।
प्रतियोगिता के परिणामों में कक्षा 3-4 वर्ग में सोमदीप हलदार प्रथम, आदित्य दीप द्वितीय, नितिन सिंह तृतीय एवं साकेत बियानी चतुर्थ रहे। कक्षा 5-6 में अनंत कर्ण ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि श्री जॉय पाल दूसरे, नातिक साहा तीसरे और स्वर्णदीप शील चौथे स्थान पर रहे। कक्षा 7 वर्ग में सुरोनॉय दास विजेता बने। आयुष आनंद दूसरे, युवराज साहा तीसरे, अंकित कुमार चौथे, दिव्यांश दीप पांचवें, दिव्यांश बियानी छठे तथा आदित्य राज सातवें स्थान पर रहे। वहीं कक्षा 9 एवं उससे ऊपर वर्ग में आयुष कुमार प्रथम, केशव मित्तल द्वितीय, पलचिन जैन तृतीय और सार्थक अग्रवाल चतुर्थ स्थान पर रहे।
आयोजकों ने कहा कि ऐसी निःशुल्क प्रतियोगिताओं का उद्देश्य जिले की नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, बच्चों में तार्किक सोच विकसित करना तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।



