ठाकुरगंज हाईवे पर ओवरलोड ट्रकों का परिचालन, पासिंग के खेल पर उठे सवाल

किशनगंज, 26 जुलाई (के.स.)। फ़रीद अहमद, ठाकुरगंज हाईवे के गंभीरगढ़ क्षेत्र में इन दिनों हाईवे की सर्विस रोड पर ओवरलोड ईंट लदे ट्रकों का जमावड़ा आम दृश्य बन गया है। लोगों का कहना है कि लगभग हर दिन यहां बड़ी संख्या में ओवरलोड वाहन खड़े दिखाई देते हैं और निर्धारित समय के बजाय इनके आवागमन का समय लगातार बदला जाता रहता है।
जानकारी के अनुसार, कभी दोपहर 1:30 बजे, कभी 2 बजे, कभी 3 बजे तो कभी 4 बजे के आसपास ईंट लदे ओवरलोड ट्रकों का काफिला हाईवे से गुजरता है। समय में लगातार बदलाव होने से यह सवाल उठने लगा है कि आखिर इन वाहनों के परिचालन के पीछे किसकी निगरानी या संरक्षण है।
लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण एक ओर जहां सड़कों की उम्र कम होती है और सड़कें समय से पहले क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार को भी राजस्व की क्षति होती है। इसके अलावा ऐसे भारी वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
क्षेत्र में अब यह चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर ओवरलोड वाहनों की “पासिंग” किसके इशारे पर हो रही है और बार-बार समय बदलकर परिचालन कराने के पीछे क्या वजह है। लोगों का मानना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यदि किसी स्तर पर अनियमितता या मिलीभगत है तो उसका खुलासा हो सके।
विभाग से गंभीरगढ़ सर्विस रोड पर विशेष अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों की जांच करने, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा इस कथित पासिंग तंत्र की भी जांच कराने की मांग उठने लगी है। उच्च स्तरीय जांच से ही यह पता चल पाएगा कि आखिर ओवरलोड ट्रैकों के परिचालन के पीछे किसका हाथ है ?



