किशनगंज : बैंक और वित्तीय प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जांच, संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश
किशनगंज, 17 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर सोमवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने बैंक एवं अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस टीमों ने बैंक परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शाखा प्रबंधकों से बैंक की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही किसी भी बड़ी नकद निकासी से पहले इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को देने का निर्देश दिया गया। बैंक में तैनात सुरक्षा गार्डों को भी सतर्क रहने तथा बैंक में आने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान की जांच करने को कहा गया।
पुलिस ने निर्देश दिया कि किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगने पर उसका पहचान पत्र देखने के साथ तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी जाए। बैंक परिसर के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध लोगों पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बैंकिंग एवं अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है। आम लोगों और बैंक कर्मियों की सुरक्षा को देखते हुए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।



