प्रमुख खबरें

*किसानों को धान का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता : डॉ. प्रेम कुमार*

*पैक्स गोदाम बारा (गंगापुर) में धान अधिप्राप्ति का किया शुभारंभ, सामान्य धान ₹2,441 एवं ग्रेड-ए धान ₹2,461 प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीद*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने रविवार को गया जिले के पैक्स गोदाम बारा (गंगापुर) में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति कार्यक्रम में शामिल होकर धान खरीद का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर डॉ. कुमार ने कहा कि बिहार सरकार किसानों की मेहनत और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। धान अधिप्राप्ति की पारदर्शी एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा उन्हें बिचौलियों पर निर्भर न रहना पड़े।

उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के लिए बिहार में धान अधिप्राप्ति का कुल लक्ष्य 35 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। उत्तर बिहार में 1 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक तथा दक्षिण बिहार में 15 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक धान की खरीद की जाएगी। भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य के अनुसार सामान्य धान ₹2,441 प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान ₹2,461 प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। उन्होंने किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन निबंधन कराकर पैक्स एवं व्यापार मंडलों के माध्यम से धान की बिक्री करने की अपील की।

डॉ. कुमार ने बताया कि गया जिले में कुल 363 समितियां निबंधित हैं, जिनमें 320 पैक्स, 24 व्यापार मंडल एवं 19 नगर पैक्स शामिल हैं। इनमें 50 समितियां विभिन्न कारणों से अकार्यरत हैं, जबकि 313 समितियां धान अधिप्राप्ति के लिए चयन योग्य हैं। उन्होंने जिला प्रशासन एवं सहकारिता विभाग को चयन योग्य समितियों के माध्यम से किसानों से धान की खरीद सुचारु रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं, पारदर्शी तौल व्यवस्था, किसानों को समय पर भुगतान तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बारा पैक्स अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश निराला ने की।
इस अवसर पर डीसीओ श्री नरोत्तम पांडे, अध्यक्ष मगध विपणन सहकारी समिति श्री बसंत जी परमार, अध्यक्ष मगध सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी संघ श्री पप्पू चंद्रवंशी, श्री सरयू ठाकुर, श्री मिथिलेश मांझी, श्री कपिल यादव, श्री राघवेंद्र शर्मा (पैक्स अध्यक्ष, चूड़ी), श्री वीरेंद्र यादव (पैक्स अध्यक्ष), श्री कृष्ण यादव (व्यापार मंडल अध्यक्ष), श्री रंजन पासवान, श्री विनोद प्रसाद, श्री वसंत यादव (पूर्व मुखिया), श्री लालबाबू यादव, श्री जितेंद्र सिंह, श्री महेश यादव, श्री रंजीत कुमार सिंह, श्री संजय यादव, श्री द्वारिका बाबू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button