ठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ठाकुरगंज : आंगनबाड़ी केंद्रों में अनियमितता का खेल जारी

ठाकुरगंज प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों में अनियमितता, बच्चों के पोषण और शिक्षा पर संकट

किशनगंज,29जुलाई(के.स.)। जिले के ठाकुरगंज प्रखंड के कई आंगनबाड़ी केंद्रों में अनियमितताओं की तस्वीरें एक बार फिर सामने आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्रों के संचालन का समय सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित है, लेकिन कई केंद्र मनमाने तरीके से चल रहे हैं। इससे बच्चों के पोषण, शिक्षा और विकास के उद्देश्य पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

खेलो बती देवी केंद्र में लापरवाही

खेलो बती देवी के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चे बिना यूनिफॉर्म के नजर आए। सेविका ने बताया कि बच्चे खुद यूनिफॉर्म पहन कर नहीं आते। पिछले लगभग एक वर्ष से केंद्र में बच्चों के लिए कोई खिलौना उपलब्ध नहीं है, जो उनके समग्र विकास को प्रभावित कर सकता है।

साबोडांगी स्कूल परिसर का केंद्र समय से पहले बंद

साबोडांगी स्कूल परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित समय से पहले ही बंद पाया गया। समय से पहले बंद होने के कारण वहां की गतिविधियों पर कोई जानकारी नहीं मिल सकी। यह लापरवाही बच्चों की शिक्षा और पोषण सेवाओं में सीधा हस्तक्षेप है।

बरचौंदी पंचायत के बारहपोठिया में भी गड़बड़ी

बरचौंदी पंचायत के बारहपोठिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र भी समय से पहले बंद पाया गया। बोर्ड पर लगी जानकारी के अनुसार सेविका का नाम रेहाना बेगम है। सवाल उठता है कि निर्धारित समय से पहले केंद्र क्यों बंद किया जा रहा है?

मामले पर जब सीडीपीओ ठाकुरगंज से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। दूरभाष पर कर्मी मुकेश गुप्ता ने बताया कि सीडीपीओ नई नियुक्त हुई हैं और उनका संपर्क नंबर फिलहाल उपलब्ध नहीं है। उनका पक्ष मिलने पर प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में सामने आई ये अनियमितताएं न केवल सरकारी योजनाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि भविष्य के कर्णधार बच्चों के साथ हो रहे खिलवाड़ को भी उजागर करती हैं। स्थानीय प्रशासन से अपेक्षा है कि मामले में संज्ञान लेकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि बच्चों को उनके अधिकार और सुविधाएं समय पर मिल सकें।

रिपोर्ट/धर्मेंद्र सिंह, फरीद अहमद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button