किशनगंज : अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, एक करोड़ की हेरोइन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज,26अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की 515.670 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पोठिया थाना क्षेत्र के फुलवाड़ी तैयबपुर गांव में अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद जिला आसूचना इकाई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर शनिवार देर रात छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस के पहुंचते ही मौके पर मौजूद पांच लोग भागने लगे, जिनमें से तीन को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहवर आलम, रफीक अंसारी और मो. सद्दाम के रूप में हुई है। वहीं मुख्य आरोपी वाहिद और हमीदुल फरार होने में सफल रहे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 515.670 ग्राम हेरोइन, एक चार पहिया वाहन, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, नाप-तौल मशीन, बैंक से जुड़े दस्तावेज तथा नेपाली करेंसी बरामद की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क नेपाल से लेकर बिहार, बंगाल और तेलंगाना (हैदराबाद) तक फैला हुआ है। यह संगठित गिरोह अंतरराज्यीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय था। पुलिस के अनुसार, गिरोह का एक सदस्य हैदराबाद से तकनीकी माध्यम से ड्रग्स की डीलिंग कर रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए तेलंगाना पुलिस से समन्वय किया जा रहा है।
रविवार को पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर छापेमारी की जा रही है। साथ ही तस्करों की अवैध संपत्ति की जांच कर जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।
इस संबंध में पोठिया थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
बरामदगी
- 515.670 ग्राम हेरोइन,
- एक XYLO वाहन
- दो मोटरसाइकिल
- चार मोबाइल फोन
- नाप-तौल मशीन
- पर्स
- विभिन्न पहचान पत्र
- बैंक कार्ड तथा नेपाली मुद्रा।
छापेमारी दल में शामिल :
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगलेश कुमार, पुलिस निरीक्षक मो. मुश्ताक, थानाध्यक्ष अंजय अमन सहित जिला आसूचना इकाई, पोठिया थाना, एसटीएफ एवं क्यूआरटी के पुलिसकर्मी।



