किशनगंज : गलत जांच रिपोर्ट देकर अभियोजन को कमजोर करने वाले पुलिस पदाधिकारियों पर होगी कार्रवाई
पर्व त्योहारों को लेकर सतर्कता बरते जाने का दिया गया निर्देश, कोटपा कानून के तहत कार्रवाई नहीं करने वाले 16 थानाध्यक्षों को दी चेतावनी, लगातार दस घंटे तक चली क्राइम मीटिंग में दिए गए निर्देश

किशनगंज, 08 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, कांडों के अनुसंधान में गलत जांच रिपोर्ट देकर अभियोजन को कमजोर करने वाले पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध अब सीधे कार्रवाई की जाएगी। ऐसे पुलिस पदाधिकारी जो कांडों के अनुसंधान में गलत जांच रिपोर्ट देते थे, इससे दोषी को सजा मिलने में भी समय लग जाता था। अब ऐसे पुलिस पदाधिकारियों को चिन्हित कर साक्ष्य सहित रिपोर्ट मांगी गई है। यह निर्देश सोमवार को पुलिस सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग के दौरान एसपी संतोष कुमार ने मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को दिया।
क्राइम मिटिंग लगातार दस घंटे तक चली। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे क्राइम मीटिंग शुरू होकर रात्रि करीब दस बजे समाप्त हुईं। इस बीच एसपी ने बारी बारी से थानावार सभी थानाध्यक्षों से केस की समीक्षा की। कोटपा कानून के तहत कार्रवाई नहीं करने वाले 16 थानाध्यक्षों को चेतावनी दी गई।
बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग और आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए गए। आगामी विश्वकर्मा पूजा, गणेश चतुर्थी और दुर्गापूजा को देखते हुए विशेष सतर्कता और निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसपी ने शराब, लॉटरी, मानव तस्करी, पशु तस्करी, ड्रग्स, बालू, भू-माफिया और इंट्री माफिया समेत सभी प्रकार के संगठित अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने को कहा।
थानाध्यक्ष-अपर थानाध्यक्ष चलाएंगे नशा मुक्ति अभियान
एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को नशा मुक्त किशनगंज अभियान प्रतिदिन चलाने का निर्देश दिया। अभियान के तहत अलग-अलग दिनों में थानाध्यक्ष, अपर थानाध्यक्ष तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मी नेतृत्व करेंगे। डीएसपी और अंचल पुलिस निरीक्षकों को भी अभियान में शामिल होने को कहा गया। मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण, बिक्री और सेवन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को भी अभियान को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।
महिला सुरक्षा पर रहा विशेष जोड़
क्राइम मिटिंग में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष जोड़ दिया गया। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदी पेट्रोलिंग को ईआरएसएस डायल-112 से जोड़कर स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, गर्ल्स हॉस्टल, पार्क और बाजार जैसे हॉटस्पॉट पर पिंक पेट्रोलिंग, जनसंवाद एवं जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में शांति समितियों के पुनर्गठन, आदिवासी समुदाय के साथ जनसंवाद, चौकीदारों को आसूचना संकलन का प्रशिक्षण, वीट एवं सेक्टर पुलिसिंग तथा विवादित भूमि की सूची तैयार कर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
बेहतर कार्य के लिए ये थाने हुई पुरस्कृत
अगस्त में कोटपा एक्ट-2023 के तहत बेहतर कार्रवाई के लिए पोठिया, टेढ़ागाछ, फतेहपुर, बीबीगंज, जियापोखर, ठाकुरगंज और गलगलिया थानाध्यक्षों को पुरस्कृत किया गया। जबकि कार्रवाई नहीं करने वाले 16 थानाध्यक्षों को चेतावनी दी गई।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों से संबंधित सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन 9031816150 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



