District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : सड़क सुरक्षा अभियान में 97 वाहनों की जांच, 32 से 4.43 लाख रुपये जुर्माना वसूला

किशनगंज, 08 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिले में सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के अनुपालन को लेकर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। 5 से 7 सितंबर तक चले अभियान के दौरान ट्रक एवं जुगाड़ वाहनों समेत विभिन्न वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

जिला परिवहन विभाग के पदाधिकारियों ने जिले के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर कुल 97 वाहनों की जांच की। जांच के दौरान परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले 32 वाहनों से कुल 4 लाख 43 हजार 500 रुपये का दंड वसूला गया। वहीं गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 6 वाहनों को जब्त किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में नियमित रूप से वाहनों की जांच की जा रही है। विशेष रूप से मालवाहक वाहनों और जुगाड़ वाहनों के संचालन, आवश्यक कागजात, परिवहन नियमों के पालन तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।

प्रशासन का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ-साथ वाहन चालकों को यातायात एवं परिवहन नियमों के प्रति जागरूक करना है। अधिकारियों ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और निर्धारित परिवहन एवं यातायात नियमों का पालन करें।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी जांच और कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा। विशेषकर ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी, जिनसे सड़क पर दुर्घटना का खतरा बढ़ता है या जो निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित किए जा रहे हैं।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button