बिरसा हॉस्पिटल में अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

खूंटी, 26 मई 2026: बिरसा इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च के अंतर्गत संचालित बिरसा हॉस्पिटल में में अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट का भव्य उद्घाटन किया गया। अस्पताल प्रबंधन ने इसे झारखंडवासियों के लिए सुलभ, किफायती और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अनिल पलटा जयप्रकाश चहल और प्रकाश पीयूष शामिल हुए। कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञ डॉ. शीतल मलुआ, डॉ. अजय नेहरू तथा संस्थान के चेयरमैन अशोक कुमार भगत भी मौजूद रहे। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नई डायलिसिस यूनिट झारखंड के मरीजों के लिए जीवनदायिनी सुविधा साबित होगी। इससे गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अपने ही क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे समय, धन और परिश्रम की भी बचत होगी। कार्यक्रम के दौरान बिरसा नर्सिंग इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं ने लोक नृत्य और गीत की प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक रंग भी बिखेरा। कलाकारों की प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया तथा स्थानीय संस्कृति और परंपरा की झलक पेश की। अस्पताल के चेयरमैन अशोक कुमार भगत ने कहा कि बिरसा हॉस्पिटल हमेशा जनसेवा के लिए समर्पित रहा है और यह नई सुविधा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में अस्पताल में और भी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने अस्पताल प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी। अंत में सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन कर इसे आम जनता को समर्पित किया और झारखंडवासियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



