District Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

अररिया : जनता दरबार में 125 मामलों की सुनवाई, डीएम ने समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश

अररिया, 21 अगस्त (के.स.)। अब्दुल कय्यूम, बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के तहत संचालित ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन डीएम के समक्ष प्रस्तुत किए। जनता दरबार में कुल 125 मामलों की सुनवाई हुई।डीएम ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा आवेदकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत राहत उपलब्ध कराई जाए।

जनता दरबार में स्वालदह, रैवाही, नरपतगंज निवासी आजरून खातून ने अवैध रूप से नामांकन वाद स्वीकृत किए जाने की शिकायत की। वहीं सोहागपुर, पलासी निवासी मुकेश कुमार ने बंदोबस्ती परवाना दिलाने की मांग रखी। बलुआ कलियागंज, पलासी की उर्मिला देवी ने कर्मचारी द्वारा जमाबंदी खोलने एवं रसीद नहीं काटे जाने की शिकायत की। अमोना, फारबिसगंज निवासी रेहानी आजमी ने आंगनबाड़ी चयन अपील के बाद गलत रिपोर्ट दिए जाने का मामला उठाया।

रघुनाथपुर उत्तर, भरगामा निवासी मिथिलेश कुमार ने अवैध रूप से जन वितरण प्रणाली की अनुज्ञप्ति प्राप्त करने की शिकायत की। मधुलता, रानीगंज निवासी जितेंद्र कुमार गुप्ता ने इंडेक्स एवं ऑनलाइन वॉल्यूम उपलब्ध नहीं होने की समस्या रखी। फुलवारी जमुआ, अररिया के आयुष आनंद ने भूमि बिक्री पर रोक लगाने एवं मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।इसके अलावा बैरगाछी के मो. जूली उर्फ जुलेखा ने बासगीत पर्चा की भूमि पर दखल देने, नगर परिषद फारबिसगंज के देवनारायण सिंह ने खेसरा सुधार नहीं करने तथा किरकिचिया की फिरदौस खातून ने विपक्षियों द्वारा जबरन मकान निर्माण कराने की शिकायत की।

डीएम ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वरीय अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई कर शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Related Articles

Back to top button