ज्योतिष/धर्मबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : मुंबई से 2060 किमी का सफर तय कर सिमरी बख्तियारपुर पहुंचे गणपति बप्पा

शांति गली में सात दिवसीय गणेश चतुर्थी की तैयारी तेज, मोदक व लड्डू का लगेगा भोग

सहरसा, 11 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर शहर के शांति गली में आयोजित होने वाले सात दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पूजा को लेकर भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही विद्युत सज्जा, पूजा स्थल की साज-सज्जा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस पूजा की सबसे खास बात यह है कि भगवान गणेश की प्रतिमा मुंबई से करीब 2060 किलोमीटर की दूरी तय कर ट्रेन के माध्यम से सिमरी बख्तियारपुर पहुंची है। पूजा समिति से जुड़े लोगों के अनुसार, प्रतिमा को करीब एक माह पूर्व मुंबई में आर्डर देकर तैयार कराया गया था। प्रतिमा तैयार होने के बाद उसे ट्रेन के माध्यम से सिमरी बख्तियारपुर मंगाया गया। लंबी दूरी तय कर प्रतिमा के यहां पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

13 वर्षों से हो रही गणेश पूजा” पूजा की जानकारी देते हुए नितिन बम्बइया ने बताया कि करीब 13 वर्ष पूर्व वह कारोबार के सिलसिले में मुंबई से सिमरी बख्तियारपुर आए थे। यहां आने के बाद उन्होंने अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखने के उद्देश्य से गणेश पूजा की शुरुआत की। तब से लगातार 13 वर्षों से गणेश चतुर्थी के अवसर पर यहां धूमधाम से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की जा रही है।

उन्होंने बताया कि गणेश पूजा के दौरान सात दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। प्रतिदिन भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। भगवान गणेश को विशेष रूप से मोदक और लड्डू का भोग लगाया जाएगा।

मुंबई से जुड़ी है पूजा की परंपरा

आयोजकों ने बताया कि गणेश पूजा की शुरुआत करने के पीछे मुंबई से जुड़ी धार्मिक परंपरा भी महत्वपूर्ण है। मुंबई में गणेशोत्सव का विशेष महत्व है। इसी परंपरा को सिमरी बख्तियारपुर में भी कायम रखने का प्रयास किया जा रहा है। मुंबई से गणपति की प्रतिमा मंगाकर यहां पूजा करना इसी परंपरा की कड़ी है। पूजा को लेकर शांति गली में पंडाल निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। पंडाल को आकर्षक तरीके से सजाने की तैयारी की जा रही है।

पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। 13 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे गणेश पूजा को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह है। आयोजकों का कहना है कि गणपति बप्पा की पूजा पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ की जाएगी तथा सात दिनों तक शांति गली में धार्मिक माहौल बना रहेगा।

Related Articles

Back to top button