ठाकुरगंज : सुखानी बाजार में ब्रांडेड कंपनियों के नकली सामान बरामद होने का आरोप, एफआईआर दर्ज
किशनगंज, 09 सितंबर (के.स.)। फ़रीद अहमद, सुखानी थाना क्षेत्र के बाजार में ब्रांडेड कंपनियों के नाम और ट्रेडमार्क का कथित तौर पर दुरुपयोग कर नकली सामान बेचने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक कंपनी प्रतिनिधि द्वारा सुखानी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन के अनुसार, शीतल कुमार झा कंपनी प्रतिनिधि को बाजार में नकली इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर 7 सितंबर 2026 को वे पुलिस टीम के साथ संबंधित दुकान पर पहुंचे और तलाशी ली। आवेदन में दावा किया गया है कि दुकान से विभिन्न ब्रांडों के नाम व मार्का लगे कई सामान बरामद किए गए।
बरामद सामानों में एंकर प्लग, टॉप 3-पिन, इलेक्ट्रॉनिक एलिमेंट, सोल्डरिंग पेस्ट, आयरन मशीन, आयरन प्रेस वाला गोल बटन, केबल कवर, आयरन के बैंक/प्लेट पर लगने वाला काला रंग का कवर, एंकर ब्रांड के सामान तथा प्रेस्टिज कंपनी का नकली मार्का लगा सामान शामिल होने का उल्लेख आवेदन में किया गया है।
आवेदन में दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम बिंदु कुमार, पिता रंजीत राय बताया। कंपनी प्रतिनिधि के अनुसार, बरामद सामान के संबंध में मौके पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। बरामद सभी सामानों को जब्त कर दो गवाहों के समक्ष सूची तैयार कर पुलिस को सौंपे जाने की बात भी आवेदन में कही गई है।
शिकायतकर्ता ने भारतीय दंड संहिता/ट्रेडमार्क से संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने बताया कि थाना कांड संख्या 54/26 दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
आरोपी पक्ष की ओर से प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।



