ताजा खबर

जिले के विधि-व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता एवं निगरानी रखने का निर्देश

अररिया (अब्दुल कैय्यूम)।जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक अररिया जितेन्द्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में विधि-व्यवस्था संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य रूप से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत निरोधात्मक कार्रवाई, थाना जनता दरबार, भू-समाधान पोर्टल, साप्ताहिक शनिवारीय बैठक, लोक भू-अतिक्रमण, अनाधिकृत धार्मिक संरचना, मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग से संबंधित मामलों, नीलाम पत्र वाद, खनन, शस्त्रों के नवीनीकरण, चरित्र प्रमाण पत्र निर्गत करने, विभिन्न न्यायालय वादों तथा सीसीटीवी कैमरों के अधिष्ठापन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से भू-विवाद से जुड़े मामलों में गंभीरता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि शनिवार के जनता दरबार में किसी मामले के निष्पादन के बाद यदि पुनः किसी पक्ष द्वारा असहमति जताई जाती है तथा दूसरे पक्ष द्वारा थाना में आवेदन दिया जाता है, तो अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का निष्पादन निष्पक्षता एवं तत्परता के साथ किया जाए, ताकि आम लोगों को त्वरित न्याय मिल सके।
बैठक में मद्य निषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, अवैध खनन पर नियंत्रण, लंबित न्यायालय वादों के निष्पादन तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थापना को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही चरित्र प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का दिया गया।

बैठक में अपर समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी, सिविल सर्जन अररिया, जिला खनन पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
फ़ोटो

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!