किशनगंज में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी जब्त

किशनगंज,23अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सुखानी थाना क्षेत्र के भेलागुड़ी से एक जेसीबी मशीन जब्त की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध खनन में संलिप्त मशीन को पकड़ा और इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार, सुखानी थाना अध्यक्ष मन्नू कुमारी के निर्देश पर गश्ती पदाधिकारी की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिना अनुमति के चल रहे खनन कार्य को रोका। इस दौरान खनन में लगी जेसीबी मशीन (वाहन संख्या WB 74 BM 1392) को जब्त कर थाना लाया गया। पुलिस ने बताया कि खनन कार्य पूरी तरह अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की सूचना खनन विभाग को भी दे दी गई है और आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
राजस्व को नुकसान, बढ़ रहा खतरा
जिले में लगातार अवैध खनन की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, अनियंत्रित खनन के कारण नदियों की गहराई बढ़ रही है, जिससे बाढ़ प्रभावित इलाकों में असमय बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है। इसके अलावा खनन में लगे भारी वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।



