किशनगंज में क्लास के दौरान शिक्षकों के मोबाइल उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध

किशनगंज,23अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी विशाल राज ने ड्यूटी के दौरान शिक्षकों द्वारा मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में जारी निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि कक्षा के दौरान किसी भी शिक्षक को मोबाइल फोन का उपयोग करते पाए जाने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई शिक्षक पढ़ाने के दौरान मोबाइल फोन में व्यस्त रहते हैं, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश में सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने विद्यालयों में इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कक्षा के दौरान मोबाइल का उपयोग अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना जाएगा।
डीएम ने चेतावनी दी है कि यदि किसी शिक्षक का कक्षा में मोबाइल इस्तेमाल करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता है या निरीक्षण के दौरान ऐसा पाया जाता है, तो संबंधित शिक्षक के विरुद्ध सीधे विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों से भी जवाब-तलब किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षकों से स्कूल समय में पूरी गंभीरता के साथ शिक्षण कार्य करने तथा तकनीक का उपयोग केवल शैक्षणिक उद्देश्यों तक सीमित रखने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन के इस आदेश के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस फैसले से सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सकेगा।



