ताजा खबर

नव स्थापित राजकीय महाविद्यालयों में 01 जुलाई 2026 से स्नातक कक्षाओं के संचालन को लेकर समीक्षा बैठक, सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश

अररिया (अब्दुल कैय्युम)।जिला पदाधिकारी, अररिया विनोद दूहन की अध्यक्षता में नव स्थापित राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा राजकीय डिग्री महाविद्यालय जोकीहाट, सिकटी, पलासी, नरपतगंज एवं भरगामा के प्राचार्य उपस्थित थे।

बैठक में बताया गया कि जिले के सभी नव स्थापित राजकीय महाविद्यालयों में 01 जुलाई 2026 से स्नातक स्तर की कक्षाओं का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने सभी प्राचार्यों एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि शिक्षण कार्य के लिए सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।

बैठक में सभी महाविद्यालयों में कक्षाओं के संचालन हेतु बेंच-डेस्क, विद्युत व्यवस्था, पेयजल सुविधा एवं अन्य आधारभूत संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। छात्राओं की सुविधा हेतु बालिका कॉमन रूम की व्यवस्था तथा आवश्यक सामग्री की खरीद एवं मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण करने हेतु भी निर्देशित किया गया।

BSEIDC के अभियंताओं को सभी महाविद्यालयों का निरीक्षण कर आवश्यकताओं का विस्तृत आकलन (Requirement Assessment) तैयार करने का निर्देश दिया गया।

आवश्यकता आकलन का कार्य 08 जून 2026 तक पूर्ण करते हुए बिहार वित्तीय नियमों के अनुरूप E-Procurement/Short Tender/GEM Portal के माध्यम से क्रय प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। बैठक में एक सप्ताह की नोटिस अवधि निर्धारित करते हुए 15 जून 2026 तक निविदा संबंधी आवश्यक आदेश निर्गत करने का निर्देश दिया गया। जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को इस कार्य के लिए नोडल पदाधिकारी नामित किया गया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी को क्रय समिति का गठन कर आवश्यक सामग्री की खरीद प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि जुलाई 2026 से जिले के नव स्थापित राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से प्रारंभ हो सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!