District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : राजस्व संग्रहण में तेजी लाएं अधिकारी, लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करें : डीएम

किशनगंज, 10 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में राजस्व संग्रहण को गति देने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन की समीक्षा बैठक हुई। समाहरणालय में आयोजित बैठक में वाणिज्य-कर, उत्पाद एवं मद्य निषेध, परिवहन, खनन, नगर परिषद, विद्युत, मत्स्य, वन, कृषि, श्रम और राजस्व शाखा समेत संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।बैठक में डीएम ने विभागवार निर्धारित राजस्व लक्ष्य, अब तक की उपलब्धि और शेष लक्ष्य की जानकारी ली।उन्होंने सभी विभागों को राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वाणिज्य-कर विभाग को कर संग्रहण बढ़ाने के साथ कर चोरी और अनियमितताओं पर नियंत्रण के लिए नियमित जांच एवं कार्रवाई करने को कहा गया।

उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की समीक्षा के दौरान जब्त वाहनों की शीघ्र नीलामी कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही प्रत्येक माह के तीसरे सप्ताह में जब्त शराब के विनष्टीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

परिवहन विभाग को वाहनों की नियमित जांच कर राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। खनन विभाग को अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने और राजस्व संग्रहण बढ़ाने को कहा गया। नगर परिषद के राजस्व स्रोतों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और आय में सुधार पर जोर दिया गया। विद्युत विभाग को बकाया राशि की वसूली के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने का निर्देश मिला। मत्स्य, वन, कृषि और श्रम विभाग के राजस्व स्रोतों की भी समीक्षा की गई। राजस्व शाखा को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन, नियमित वसूली और अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रहण में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एसडीएम, जिला राजस्व शाखा के प्रभारी पदाधिकारी, सभी कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button