District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : बाल संरक्षण और दिव्यांगजन योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

किशनगंज, 10 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित बाल संरक्षण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजनाओं की समीक्षा को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं की प्रगति और लाभुकों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली गई।

बैठक में बताया गया कि परवरिश योजना के तहत 404 और प्रायोजन योजना के तहत 541 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। कुल 945 बच्चों को प्रतिमाह क्रमशः एक हजार और चार हजार रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से बैंक खातों में भेजी जा रही है। सर्वेक्षण में चिन्हित 103 संभावित लाभुकों में 18 बच्चों को योजना से जोड़ा जा चुका है, जबकि शेष का सत्यापन और पंजीकरण जारी है।

जुलजुली स्थित सुरक्षित स्थान में वर्तमान में 84 किशोर आवासित हैं। यहां शिक्षा के साथ मछली पालन, पशुपालन और मधुमक्खी पालन जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण भी दिए जा रहे हैं। विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान डुमरिया के माध्यम से छह बच्चों का दत्तक ग्रहण और पांच बच्चों का परिवार में पुनर्स्थापन कराया गया है। पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना में जिले के पांच बच्चे पंजीकृत हैं।

बाल कल्याण समिति को प्राप्त 213 मामलों में 200 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के 839 मामलों में 837 का निष्पादन किया जा चुका है।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण की समीक्षा में बताया गया कि 15,832 आवेदनों के विरुद्ध 13,701 यूडीआईडी कार्ड निर्गत या निर्गमन की प्रक्रिया में हैं। जुलाई में आयोजित शिविरों में आकलित सभी 1,071 दिव्यांगजनों को कार्ड जारी किए गए। शेष आवेदकों के लिए 7 से 28 सितंबर तक शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सम्बल एवं एडीआईपी योजना के तहत 343 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और 609 लाभुकों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल दी गई है।

डीएम ने शेष बच्चों का सत्यापन कर उन्हें परवरिश योजना से जोड़ने और सुरक्षित स्थान, जुलजुली में शुद्ध पेयजल के लिए बुडको से समन्वय करने का निर्देश दिया। उन्होंने सितंबर के शिविरों में शेष आवेदकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कर मौके पर ही मूल्यांकन एवं कार्ड निर्गमन की कार्रवाई पूरी करने को कहा।

Related Articles

Back to top button