District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : चौथे दिन भी चला नगर प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमण हटाया

किशनगंज, 10 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए नगर परिषद प्रशासन की ओर से लगातार चौथे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी नवीन कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को फल चौक से लोहारपट्टी, करबला चौक होते हुए मोतीबाग चौक तक अभियान चलाया गया।अतिक्रमण अभियान का नेतृत्व दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज ने किया। अभियान के दौरान सड़क और नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। कई स्थानों पर नालों के ऊपर पक्की सीढ़ियां और अन्य निर्माण कर रास्ता बाधित कर दिया गया था। नगर परिषद की जेसीबी से ऐसे निर्माण को मौके पर ही तोड़कर जगह को समतल कराया गया।

अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत भी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क, नाला और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान कई प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।

नगर प्रशासन के अनुसार शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और लोगों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सड़क किनारे और नालों पर किए गए अतिक्रमण के कारण कई इलाकों में आवागमन प्रभावित होता है। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाया जा रहा है।अभियान में नगर परिषद के विधि प्रशाखा प्रभारी कमलेश कुमार, राकेश रामदास, राजेश साह, राजेश कुमार, अविनाश कुमार, धीरज कुमार, अमरजीत पासवान, अजय भगत, कमल सिंह सहित राजस्व कर्मी, वार्ड जमादार, स्वच्छता साथी और नगर परिषद के अन्य कर्मी शामिल रहे। पुलिस प्रशासन के जवानों ने भी अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

Related Articles

Back to top button