किशनगंज : छठ घाटों पर सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं, डीएम-एसपी ने ओदरा घाट का लिया जायजा
छठ व्रतियों की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश, खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की होगी तैनाती

किशनगंज, 30 अक्टूबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने किशनगंज प्रखंड की बेलवा पंचायत स्थित ओदरा छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों की समुचित साफ-सफाई कराने के साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम और सुरक्षित बनाया जाए। घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा गया।
वहीं, एसपी संतोष कुमार ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
खतरनाक घाटों पर होगी विशेष निगरानी
निरीक्षण के दौरान जल में डूबने जैसी दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। घाटों पर गहरे एवं खतरनाक स्थानों की पहचान कर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाने पर जोर दिया गया। श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ही अर्घ्य अर्पित करने के लिए जागरूक करने की बात कही गई।
डीएम ने संबंधित विभागों, स्थानीय प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम आवागमन प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 खुसरू सिराज, सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।



