अररिया : बसेरा-2 का लाभ लेने पटना जाने की जरूरत नहीं, अंचल कार्यालय में करें आवेदन
डीएम ने प्रेसवार्ता में अभियान, स्वास्थ्य जांच, यातायात व आईसीडीएस की प्रगति की दी जानकारी

अररिया, 21 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/अब्दुल कैय्युम, जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें अभियान बसेरा-2, स्वास्थ्य विभाग के ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान तथा यातायात व अतिक्रमण नियंत्रण की कार्रवाई की जानकारी दी गई।
डीएम ने बताया कि अभियान बसेरा-2 के तहत पात्र भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र एवं वासभूमि का लाभ दिया जाएगा। इच्छुक लाभुकों को इसके लिए पटना जाने की आवश्यकता नहीं है। वे अपने संबंधित अंचल कार्यालय में ही आवेदन जमा कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी व्यक्ति या संस्था के बहकावे में आकर पटना न जाएं। योजना का लाभ दिलाने के नाम पर गुमराह करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के तहत अब तक 9,30,250 लोगों की जांच की जा चुकी है। इनमें उच्च रक्तचाप के 9,350 और मधुमेह के 7,589 उपचाराधीन मरीज चिन्हित किए गए हैं। स्क्रीनिंग में मुख कैंसर के 12, स्तन कैंसर के छह और सर्वाइकल कैंसर के तीन मामलों की पुष्टि हुई है। गंभीर एनीमिया के 1,217 तथा मोतियाबिंद के 647 पुष्ट मामले मिले हैं। अब तक 563 मोतियाबिंद ऑपरेशन किए जा चुके हैं। दो सितंबर से 6,873 गर्भवती महिलाओं की जांच हुई, जिनमें 150 गंभीर एनीमिया से पीड़ित मिलीं।
यातायात व्यवस्था को लेकर नगर थाना से कोशी धार पुल तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। सर्विस लेन में वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और सदर अस्पताल के आसपास यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, अगस्त की राज्य स्तरीय ICDS रैंकिंग में अररिया ने बिहार में दूसरा स्थान हासिल किया है। डीएम ने इसे जिले के बेहतर प्रदर्शन का परिणाम बताया।



