किशनगंज : व्यवसायियों से संवाद में एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर दिया जोर

किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर में सुरक्षित और अनुकूल कारोबारी माहौल कायम रखने को लेकर किशनगंज पुलिस ने व्यवसायियों के साथ संवाद शुरू किया है। इसी क्रम में 31 अगस्त को पुलिस सभागार में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की अध्यक्षता में संवाद गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें जिले के करीब 60 व्यवसायियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव एसपी के समक्ष रखे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षित व्यावसायिक वातावरण के लिए पुलिस और व्यवसायी समुदाय के बीच बेहतर समन्वय और आपसी तालमेल जरूरी है। उन्होंने व्यवसायियों से कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। साथ ही क्षेत्र में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से एसपी ने दुकानदारों और व्यवसायियों को अपने प्रतिष्ठानों के सामने पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे आपराधिक घटनाओं की रोकथाम में मदद मिलेगी और किसी घटना के बाद अपराधियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करना आसान होगा। किसी प्रतिष्ठान, दुकान या कार्यालय के आसपास संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की भी अपील की गई।
व्यवसायियों ने किशनगंज शहर में यातायात व्यवस्था, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग की समस्या को एसपी के समक्ष रखा। इस पर एसपी ने पुलिस उपाधीक्षक, यातायात को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रतिष्ठान और मॉल संचालकों से ग्राहकों के वाहनों के लिए अपने स्तर पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
गोष्ठी में बढ़ते साइबर अपराध को लेकर भी व्यवसायियों को जागरूक किया गया। ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने, संदिग्ध लिंक और कॉल से बचने तथा अनजान APK फाइल डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी गई। साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
संवाद के दौरान व्यवसायियों ने अपनी-अपनी समस्याएं भी रखीं। एसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यवसायी समुदाय के बीच बेहतर समन्वय से अपराध नियंत्रण के साथ शहर में सुरक्षित कारोबारी माहौल को और मजबूत किया जा सकता है।

