किशनगंज : एसपी ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, पीड़िता व परिजनों से ली जानकारी

किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सोमवार की देर रात किशनगंज सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। एसपी ने परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और मामले से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ से पीड़िता के उपचार, स्वास्थ्य स्थिति तथा अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने इलाज की व्यवस्था का जायजा लेते हुए चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि पीड़िता के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को पीड़िता के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने तथा जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही परिजनों की समस्याओं का भी ध्यान रखने को कहा।
एसपी संतोष कुमार ने अस्पताल प्रबंधन एवं संबंधित कर्मियों से उपचार की स्थिति की जानकारी लेते हुए पीड़िता और उसके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे।



