किशनगंज : डीएम ने भेड़ियाडांगी औद्योगिक क्षेत्र व स्टार्टअप सेल का किया निरीक्षण, लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार ने मंगलवार को जिले में औद्योगिक विकास और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने भेड़ियाडांगी औद्योगिक क्षेत्र, जिला उद्योग केन्द्र कार्यालय तथा राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, किशनगंज में स्थापित स्टार्टअप सेल का स्थलीय निरीक्षण किया।
सबसे पहले डीएम ने भेड़ियाडांगी औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र की ओर से औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। डीएम ने उपलब्ध आधारभूत संरचना, आवंटित भूखंडों की स्थिति, आंतरिक सड़कों समेत अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि भेड़ियाडांगी औद्योगिक क्षेत्र जिले के औद्योगिक विकास के साथ रोजगार सृजन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके बाद उन्होंने जिला उद्योग केन्द्र कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यरत पदाधिकारी एवं कर्मचारियों की जानकारी ली। उन्होंने उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश महाप्रबंधक को दिया, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।
इसके बाद डीएम ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में संचालित स्टार्टअप सेल का निरीक्षण किया। यहां बिहार स्टार्टअप योजना से लाभान्वित युवा उद्यमियों के प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा की गई। स्थानीय युवाओं और छात्र उद्यमियों ने डीएम के समक्ष अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए।
डीएम ने युवाओं के आइडिया को गंभीरता से सुना और प्रोजेक्ट की उपयोगिता, बाजार की संभावनाओं तथा भविष्य में विस्तार की क्षमता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने युवाओं को अपने विचारों को व्यवहारिक रूप देने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। साथ ही उद्यमियों की समस्याओं से अवगत होकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



