District Adminstrationकिशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : गलगलिया चेकपोस्ट पर 198 लीटर विदेशी शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार को गलगलिया चेकपोस्ट पर कार्रवाई करते हुए एक ऑटो से 198 लीटर विदेशी शराब जब्त की। मौके से शराब तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अररिया जिले के मोहम्मद गुड्डू आलम के रूप में हुई है।

उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के संबंध में बताया गया कि उत्पाद विभाग को शराब की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने बंगाल सीमा से जुड़े मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी थी।

इसी दौरान बंगाल की ओर से एक ऑटो गलगलिया चेकपोस्ट की तरफ आता दिखाई दिया। उत्पाद टीम ने चालक को रुकने का इशारा किया। टीम को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा।हालांकि, उत्पाद कर्मियों ने उसे रोक लिया और वाहन की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ऑटो से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद वाहन और आरोपी को उत्पाद थाना लाया गया, जहां वाहन की दोबारा विस्तृत तलाशी ली गई। जांच में शराब की कुल मात्रा 198 लीटर पाई गई।

उत्पाद विभाग के अनुसार, शराब को बंगाल से बहादुरगंज और कोचाधामन के रास्ते अररिया ले जाया जा रहा था। वहां किसी व्यक्ति को शराब की डिलीवरी किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस और उत्पाद विभाग आरोपी से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रहा है।

कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक उत्पाद दिनेश कुमार दास समेत अन्य उत्पाद कर्मी शामिल थे। उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में शराब के अवैध कारोबार, बिक्री और सेवन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button