अगस्त में किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 300 गिरफ्तार, 80.9 किलो गांजा व 637 ग्राम स्मैक बरामद

किशनगंज, 01 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर किशनगंज पुलिस ने अगस्त माह में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और बाइक चोरी के खिलाफ कार्रवाई की गई। वाहन जांच और यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती बरती।
पुलिस की ओर से जारी अगस्त माह की उपलब्धि के अनुसार एक से 31 अगस्त तक कुल 300 गिरफ्तारियां की गईं। यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में वाहनों से 35 लाख 11 हजार 265 रुपये शमन राशि वसूल की गई। पुलिस ने गांधी चौक स्थित जीवन ज्योति दवा दुकान में हुई शटर कटवा चोरी का भी उद्भेदन किया।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 637.04 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर/हेरोइन, 233.94 ग्राम एमडीएमए और 80.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। वहीं शराब के खिलाफ अभियान में 1,548.405 लीटर विदेशी शराब, 151 लीटर देशी शराब जब्त की गई तथा 190 लीटर जावा नष्ट किया गया।
पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में 130 मवेशी बरामद किए गए। तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में प्रयुक्त छह ट्रक, नौ ट्रैक्टर, 15 मोटरसाइकिल, पांच कार, एक स्कॉर्पियो, एक बोलेरो, एक टेंपो, एक टोटो और छह पिकअप समेत अन्य वाहन जब्त किए गए।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 27 मोबाइल, चार इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 110 बोरा यूरिया खाद समेत बड़ी मात्रा में अन्य सामान भी बरामद किया। जब्त सामान में शटर काटने में इस्तेमाल चादर, तांबे के पाइप व तार, सीसीटीवी कैमरे, बैटरी-इन्वर्टर, लॉटरी टिकट और चोरी से जुड़े अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आपात स्थिति में डायल-112 तथा साइबर ठगी की स्थिति में 1930 पर सूचना देने की अपील की गई है।

