किशनगंज : अब बीमारी का इंतजार नहीं, घर की चौखट पर होगी जांच और उपचार
जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान शुरू, 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की होगी स्क्रीनिंग

किशनगंज, 02 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, गैर-संचारी रोगों की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान का राज्यव्यापी शुभारंभ किया। वहीं किशनगंज में जिलाधिकारी नवीन कुमार ने फीता काटकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। जिले में यह अभियान 1 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा।
अभियान के तहत अब स्वास्थ्य व्यवस्था अस्पताल आने वाले मरीजों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेंगे। विशेष रूप से 30 वर्ष एवं उससे अधिक उम्र के लोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न गैर-संचारी रोगों के जोखिम की पहचान की जाएगी। जरूरत के अनुसार लोगों की रक्तचाप और रक्त शर्करा समेत अन्य जांच कराई जाएगी।
जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि गैर-संचारी रोगों के खिलाफ सबसे प्रभावी रणनीति बीमारी को गंभीर होने से पहले पहचानना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ महसूस करना हमेशा बीमारी से मुक्त होने का प्रमाण नहीं होता। स्वास्थ्यकर्मी घर पहुंचें तो लोग जांच में सहयोग करें और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने अधिकारियों से स्क्रीनिंग को केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रखने तथा चिन्हित मरीजों को उपचार और नियमित फॉलोअप से जोड़ने को कहा।
नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने लोगों से अभियान का लाभ उठाने और परिवार के 30 वर्ष से अधिक उम्र के सदस्यों की जांच कराने की अपील की।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि अभियान में मरीजों की लाइन लिस्ट तैयार कर जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र, पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पताल से जोड़ा जाएगा। गंभीर मरीजों को उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा।
अभियान में उच्च रक्तचाप और मधुमेह के अलावा मुंह, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग पर भी जोर रहेगा। हृदय रोग, सीओपीडी और फैटी लिवर जैसी बीमारियों के जोखिम की भी पहचान की जाएगी। जरूरत के अनुसार सीबीसी, एचबीए1सी, लिपिड प्रोफाइल, लिवर-किडनी फंक्शन, ईसीजी और पैप स्मीयर जैसी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, नगर परिषद अध्यक्ष, सिविल सर्जन, जिला एनसीडी पदाधिकारी डॉ. उर्मिला कुमारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।



