संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी सात माह का ‘समरसता संकल्प अभियान’: अर्जुन मुंडा

रांची 28 जुलाई: आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” चलाएगी। झारखंड में भी यह अभियान व्यापक स्तर पर आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अर्जुन मुंडा ने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) को “समरसता दीप महोत्सव” से होगी। इस दिन देशभर के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर समरसता का दीप जलाया जाएगा। वहीं वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से कलश वंदन अभियान का शुभारंभ होगा, जिसकी पवित्र मिट्टी देशभर के मंडल स्तर तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर से वाराणसी तक समरसता यात्रा भी निकाली जाएगी। अन्य कार्यक्रमों की जानकारी समय-समय पर दी जाएगी।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के संकल्प को जनआंदोलन का रूप देना है। उन्होंने कहा कि संत रविदास का “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके “बेगमपुरा” के दर्शन समानता और भेदभावमुक्त समाज की कल्पना को साकार करते हैं।
प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक एवं प्रकाश सिंह तथा मीडिया सह प्रभारी अजय राय भी उपस्थित रहे।
