बिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

नई दिल्ली में डॉ.भास्कर ज्योति को मिला वर्ष 2026 का मैसाम युवा सम्मान

सहरसा, 28 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, मैथिली भाषा के युवा लेखक और बिहार मद्य निषेध सह निबंधन सेवा के अधिकारी डॉ. भास्कर ज्योति को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीच्यूशन क्लब में आयोजित एक भव्य समारोह में वर्ष 2026 के मैसाम युवा सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता कर रहे प्रसिद्ध भाषाविज्ञानी व साहित्यकार डॉ. उदय नारायण सिंह नचिकेता एवं मुख्य वक्ता समीक्षक डॉ. रमानन्द झा रमण ने भास्कर को अंगवस्त्रम, प्रशस्ति पत्र और पच्चीस हजार रुपये राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।

मौके पर उनके पिता अवकाशप्राप्त प्रधानाध्यापक नृपेशचन्द्र झा भी उपस्थित रहे। मूल रूप से पूर्णिया जिले के बी. कोठी प्रखंड अंतर्गत सुखसेना निवासी भास्कर की प्रारम्भिक शिक्षा सहरसा के बुद्धा पब्लिक स्कूल और शान्ति मिशन एकेडमी से हुई है। उन्होंने नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अन्तरराष्ट्रीय सम्बन्ध विषय में पीएच.डी. की उपाधि हासिल की है।मैथिली साहित्य महासभा द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले इस युवा सम्मान की ग्यारहवीं कड़ी में डॉ. ज्योति लिखित एवं किसुन संकल्प लोक, सुपौल द्वारा प्रकाशित यात्रा संस्मरण ‘अथक अविराम’ का चयन किया गया। निर्णायक मंडल में साहित्य अकादमी पुरस्कार प्राप्त साहित्यकारद्वय प्रदीप बिहारी, वैद्यनाथ झा सहित कल्पना झा शामिल थीं।

समारोह के अवसर पर उपस्थित लेखिका कल्पना झा ने ‘अथक अविराम’ की प्रशंसा की। समारोह के अवसर पर मैसाम के अध्यक्ष हेमन्त झा, महासचिव आशीष नीरज, अरुण कुमार मिश्र सहित सदस्य सुधा ठाकुर, उज्जवल कुमार झा, मंजूषा झा, निवेदिता झा, सान्वना मिश्रा, विनय ठाकुर सहित राष्ट्रीय राजधानी में रहने वाले साहित्यप्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. रमानन्द झा रमण ने मैथिली नाटक पर अपना व्याख्यान दिया। अध्यक्षता करते हुए डॉ. नचिकेता ने पुरस्कृत लेखक भास्कर को बधाई देते हुए मैथिली नाटक के महत्वपूर्ण तथ्यों को रेखांकित किया। संचालन संजीव सिन्हा ने किया। डॉ. भास्कर ज्योति के इस महत्वपूर्ण सम्मान से सम्मानित होने पर साहित्यजगत में हर्ष का माहौल है।

वरिष्ठ लेखक डॉ. सुभाष चन्द्र यादव, डॉ. महेन्द्र, केदार कानन, रामकुमार सिंह, किसलय कृष्ण, डॉ. धर्मव्रत चौधरी, डॉ. संजय वशिष्ठ, दीपिका चन्द्रा, अंजु प्रभा सहित संस्कृति मिथिला के कार्यकारी अध्यक्ष पं. तरुण झा, उपाध्यक्ष सुभाषचन्द्र झा, मिथिला के ब्रजनन्दन चौधरी, मिलन कुमार, सूरज कुमार आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button