*माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में प्रेस सलाहकार समिति की बैठक संपन्न; शीतकालीन सत्र के व्यापक कवरेज व पत्रकार कल्याण पर हुई चर्चा*
*पत्रकार कल्याण से जुड़े सुझावों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन; उपभोक्ता समिति, पेंशन सरलीकरण एवं प्रेस क्लब संचालन पर हुआ विमर्श*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/आगामी 30 नवंबर, 2026 से प्रारंभ हो रहे अष्टादश बिहार विधान सभा के चतुर्थ सत्र के व्यापक प्रचार प्रसार के उद्वेश्य से बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में प्रेस सलाहकार समिति की बैठक आज अपराह्न 2: 00 बजे विधान सभा मुख्य भवन के प्रथम तल स्थित वाचनालय में आयोजित की गई। बैठक में माननीय अध्यक्ष ने समिति के सदस्यों एवं वरिष्ठ पत्रकारों का स्वागत करते हुए आगामी शीतकालीन सत्र की कार्यवाही के निष्पक्ष, संतुलित एवं व्यापक प्रचार-प्रसार में मीडिया से सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की। उन्होंने गत मानसून सत्र के सकारात्मक एवं तथ्यपरक मीडिया कवरेज के लिए पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
बैठक में समिति के सदस्यों ने नवगठित ‘बिहार विधान मंडल सदस्यीय एवं कर्मचारी उपभोक्ता सहकारी समिति लिमिटेड’ में पत्रकारों को भी सदस्य के रूप में शामिल करने का सुझाव दिया, जिस पर माननीय अध्यक्ष ने सकारात्मक आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि इस समिति के माध्यम से विधान मंडल के सदस्यों एवं कर्मचारियों को घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ उचित एवं रियायती दरों पर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन उपलब्ध कराई जाएँगी।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने पत्रकार पेंशन योजना की प्रक्रिया को सरल बनाने, अधिकाधिक पत्रकारों को इसका लाभ सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक सुधार करने तथा गया जी सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित प्रेस क्लबों के सुचारू संचालन की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। साथ ही, जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्यरत मीडियाकर्मियों, विशेषकर प्रेस सलाहकार समिति के सदस्यों के जीवनवृत्त का अभिलेख विधान सभा स्तर पर सुरक्षित रखने की आवश्यकता जताई। माननीय अध्यक्ष ने इन सभी सुझावों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष ने बताया कि ‘खेलो इंडिया’ अभियान से प्रेरित होकर विधान सभा परिसर के पार्किंग क्षेत्र के एक हिस्से को खेल परिसर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो दिसंबर माह के अंत तक खेल गतिविधियों के लिए तैयार हो जाएगा। इसमें क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल एवं बैडमिंटन जैसे खेलों के आयोजन की समुचित व्यवस्था होगी। उन्होंने माननीय सदस्यों, सभा सचिवालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ मीडियाकर्मियों से भी खेल गतिविधियों में सहभागी बनकर खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
माननीय अध्यक्ष ने जलवायु परिवर्तन विषय पर कॉमनवेल्थ के अंतर्गत अपने विदेश दौरे के अनुभव भी साझा किए। साथ ही, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पहली बार सभा सचिवालय की महिला पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत करने की नई पहल से भी पत्रकारों को अवगत कराया।
बैठक में बिहार विधान सभा के माननीय उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र नारायण यादव, विधान सभा के प्रभारी सचिव श्री संजय कुमार सिंह, प्रेस सलाहकार समिति के सदस्यगण एवं सचिवालय के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


