ताजा खबर

*कस्तूरबा विद्यालय के शिक्षकों ने संकेतों से संवाद करना सीखा*

*भारतीय सांकेतिक भाषा पर पांच दिवसीय कार्यशाला का समापन*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना। श्रवणबाधित छात्राओं के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से महेन्द्रू स्थित एससीईआरटी में पांच दिनों से जारी कार्यशाला का शुक्रवार को समापन हो गया। समावेशी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यशाला का विषय ‘संकेत से समावेशन’ था। इसमें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षकों को भारतीय सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण दिया गया।

23 दिसम्बर से शुरू हुई कार्यशाला का समापन डायट के संयुक्त निदेशक डॉ. सुरेंद्र कुमार और समावेशी शिक्षा विभाग के प्रभारी श्री विजय कुमार भास्कर की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में हुआ।

कार्यशाला में शिक्षकों को भारतीय सांकेतिक भाषा के बुनियादी कौशल सिखाए गए। उन्हें श्रवणबाधित छात्राओं से प्रभावी संवाद करने के तरीके बताए गए। साथ ही, कक्षाओं में समावेशी शिक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

सहभागितापूर्ण गतिविधियों, व्यावहारिक अभ्यासों और प्रदर्शन आधारित सत्रों में शिक्षकों ने सांकेतिक भाषा का उपयोग करना सीखा। उन्हें बताया गया कि संवाद ही समावेशन की आधारशिला है। हर बच्चे को अपनी बात कहने, समझे जाने और सीखने का समान अवसर मिलना चाहिए। इस पहल से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में श्रवणबाधित छात्राओं के लिए अधिक सहज और समावेशी शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button