अररिया : एक दैनिक अख़बार के पत्रकार को सुबह आवाज देकर दरवाजा खुलवाया, फिर मार दी गोली
किशनगंज प्रेस एसोसिएशन के द्वारा महामहिम राज्यपाल के नाम डीएम श्रीकांत शास्त्री को सौपा गया ज्ञापन

- मृतक की पत्नी पूनम देवी ने कहा कि विमल के भाई गप्पू यादव सरपंच थे। उनकी भी पांच वर्ष पूर्व गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसी मामले में अगले सोमवार को गवाही होनी थी। वो इसमें मुख्य गवाह थे
किशनगंज, 18 अगस्त (के.स.)। धर्मेंद्र सिंह, किशनगंज प्रेस एसोसिएशन के सचिव अवधेश झा के अगुवाई मे पत्रकार गोलीकांड को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री को एक ज्ञापन सौपा गया। गौरतलब हो कि अररिया मे शुक्रवार सुबह तक़रीबन 5 बजे एक दैनिक अख़बार के पत्रकार को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जाता है कि पत्रकार के घर पर चार की संख्या में अपराधी आए। बदमाशों ने गेट के बाहर से विमल भैया कहकर आवाज लगाई। जैसे ही उन्होंने गेट खोला, अपराधियों ने उनके सीने में गोली मार दी। पत्रकार विमल यादव वहीं गिर गए। खून से लथपथ पत्रकार पर उनकी पत्नी की नजर पड़ी। इधर गोली की आवाज सुनकर जब ग्रामीण जुटने लगे तो सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से रानीगंज CHC में उन्हें भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के प्रेम नगर साधु आश्रम वार्ड संख्या 05 की है। वही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि मैंने अधिकारियों से इसे देखने को कहा है। जल्द एक्शन भी दिखेगा। गौर करे कि मृतक की पत्नी पूनम देवी ने कहा कि विमल के भाई गप्पू यादव सरपंच थे। उनकी भी पांच वर्ष पूर्व गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसी मामले में अगले सोमवार को गवाही होनी थी। वो इसमें मुख्य गवाह थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह उनके दरवाजे पर कुछ लोग विमल भैया-विमल भैया आवाज दे रहे थे। जैसे विमल दरवाजा खोल कर बाहर आए, अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। घटना की सूचना पर मौके पर अररिया SDO शैलेश चंद्र दिवाकर और SDPO राम पुकार सिंह समेत रानीगंज थाना की पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। इस संबंध मे पुलिस कप्तान (SP) अररिया अशोक कुमार सिंह ने कहा कि चार अपराधी थे, सीने पर दाएं साइड में एक गोली मारी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना स्थल पर पुलिस कैंप कर रही है। FSL की टीम बुलाई गई है। पोस्टमॉर्टम के लिए शव अस्पताल में भेजा गया है। पुराना विवाद है जिस पर जांच की जा रही है। जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वही किशनगंज प्रेस एसोसिएशन के सचिव अवधेश झा के अगुवाई मे रानीगंज मे हुए पत्रकार हत्याकांड को लेकर जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री को एक ज्ञापन सौपा गया। सचिव अवधेश झा ने बताया कि अररिया जिले के रानीगंज में एक दैनिक अखबार के पत्रकार विमल कुमार यादव की हत्या कर दी गई है। जिसके विरोध में किशनगंज प्रेस एसोसिएशन के द्वारा महामहिम राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री को ज्ञापन सौपा गया।