झारखंडशिक्षा

मांडर में 231 मेधावी छात्रों का सम्मान, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की बोलीं– शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव

 

मांडर 2 जुलाई: मांडर के बीआरसी परिसर में आयोजित ‘भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ में मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 231 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की मुख्य रूप से मौजूद रहे। सम्मानित विद्यार्थियों में मैट्रिक के 118, इंटर विज्ञान के 22, इंटर कॉमर्स के 29 और इंटर कला के 62 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान चयनित विद्यार्थियों के बीच कल्याण विभाग की ओर से साइकिलों का भी वितरण किया गया। मैट्रिक परीक्षा में संत जॉन्स हाई स्कूल, नवाटांड़ के महताब अंसारी ने 494 अंक (98.80 प्रतिशत) हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। असिया खातून दूसरे और निखिल कुमार साहू तीसरे स्थान पर रहे। वहीं इंटर विज्ञान, कला और कॉमर्स संकाय के टॉप विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मांडर विधानसभा क्षेत्र में पिछले 20 वर्षों से प्रतिभा सम्मान की परंपरा लगातार जारी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर जीवन और मजबूत भविष्य की नींव है। विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता और पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं का मनोबल कमजोर करती हैं। नई शिक्षा नीति के बाद कई कॉलेजों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद होने से ग्रामीण विद्यार्थियों को भी परेशानी हो रही है। इसके बावजूद उन्होंने छात्रों से धैर्य और निरंतर मेहनत बनाए रखने की अपील की। पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड गठन के बाद मांडर ऐसा पहला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र बना, जहां प्रतिभा सम्मान समारोह की शुरुआत हुई और यह परंपरा आज भी जारी है। उन्होंने बताया कि इस मंच से सम्मानित कई विद्यार्थी आज देश के विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 12 जुलाई को विधानसभा स्तरीय ग्रामीण प्रतिभा प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button