किशनगंज,09मई(हि.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज थाना क्षेत्र के खगड़ा माछमारा इलाके में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों समेत कई जवान घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है तथा 40-50 अज्ञात समेत कई नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, किशनगंज थाना कांड संख्या-502/25 के फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अवर निरीक्षक सह अपर थानाध्यक्ष नेसार अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम गुरुवार देर रात खगड़ा माछमारा पहुंची थी। पुलिस ने वहां से मुसरफ उर्फ मुसरफ अंसारी तथा सकील उर्फ सहजादा को गिरफ्तार किया। दोनों को वाहन में बैठाने के दौरान माछमारा चौक पर बड़ी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष जुट गए और पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज व धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
आरोप है कि उपद्रवियों ने ईंट, पत्थर व लोहे के रॉड से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में महिला पुलिस पदाधिकारी प्रीति कुमारी समेत गृहरक्षक मनीष कुमार, बबली कुमारी और आशा देवी घायल हो गए। सभी का इलाज सदर अस्पताल किशनगंज में कराया गया। वहीं पुलिस के दो सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति बिगड़ने पर वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए छापेमारी अभियान में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में नसीम, अजीम अंसारी, जमशेद, सज्जाद उर्फ बिट्टू, रमजान, मो. मुन्ना तथा मौला अली शामिल हैं। वहीं डोमा उर्फ खुरशेद, रोहित, नरगीस, कलुआनी उर्फ बेगम, कलुवा, अरमान, छोटू, नसीम, सहजादी, कैयुम, लाल बानु, निशा, अंजुम और मो. गुड्डू समेत अन्य 40-50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने सभी के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर जानलेवा हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।



