District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि लाभुकों के खातों में भेजी गई, किशनगंज के 1.31 लाख से अधिक लोगों को मिला लाभ

किशनगंज, 10 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत किशनगंज जिले के 1,31,019 लाभुकों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पेंशन की राशि हस्तांतरित की गई। इसके तहत जिले के लाभार्थियों को कुल 14 करोड़ 84 लाख 28 हजार रुपये की राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई।

जानकारी के अनुसार, बिहार सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांगजनों सहित समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। वर्तमान में राज्य में छह प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं संचालित हैं। मुख्यमंत्री द्वारा बुधवार को राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान सभी लाभार्थियों के बैंक खातों में जून 2026 माह की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

राज्यभर में कुल 94 लाख 29 हजार 698 लाभुकों को प्रति लाभुक 1100 रुपये की दर से कुल 1096 करोड़ 44 लाख 46 हजार रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी गई। वहीं किशनगंज जिले के 1.31 लाख से अधिक लाभुकों को इसका लाभ मिला।

इस अवसर पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। किशनगंज में इसका मुख्य कार्यक्रम समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित हुआ, जहां अधिकारियों एवं लाभुकों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

कार्यक्रम की शुरुआत सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्रीति कुमारी ने की। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभुकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था लाभार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में सहायक होगी।

जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं वृद्धजनों, विधवाओं एवं अन्य जरूरतमंद लोगों के लिए आर्थिक संबल का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन कमजोर वर्गों के कल्याण तथा उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, कोषागार पदाधिकारी चंदन कुमार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के पदाधिकारी, कर्मी तथा बड़ी संख्या में पेंशन लाभुक मौजूद रहे। लाभुकों ने इस पहल पर खुशी जताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!