किशनगंजन्यायपालिकाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : विश्व पर्यावरण दिवस पर न्यायिक पदाधिकारियों ने लगाए पौधे

किशनगंज, 05 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को किशनगंज न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।
कार्यक्रम का नेतृत्व नवपदस्थापित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज नम्रता तिवारी ने किया। उन्होंने न्यायालय परिसर में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित और संतुलित बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। पेड़-पौधे न केवल मानव जीवन के लिए शुद्ध ऑक्सीजन का स्रोत हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने और प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नम्रता तिवारी ने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य की पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर साबित होंगे। यदि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले वर्षों में इसके गंभीर दुष्परिणाम देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और निभाने का अवसर है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों और कर्मियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। न्यायालय परिसर में लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम सुरेश कुमार सिंह, प्रधान जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय अभय श्रीवास्तव, पीठासीन पदाधिकारी विशेष उत्पाद न्यायालय द्वितीय सुमित कुमार सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार ओम शंकर, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मुक्तेश मनोहर सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!