किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज पुलिस में रोजाना रोल कॉल अनिवार्य, जवानों को अपडेट रखने पर जोर

किशनगंज,15मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर सभी थानों में प्रतिदिन रोल कॉल की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से कराई जा रही है। पुलिस मुख्यालय के इस निर्देश का उद्देश्य पुलिस बल को लगातार अपडेट रखना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा दिनभर की कार्ययोजना तय करना बताया गया है।

जानकारी के अनुसार जिले के सभी थानों में सुबह निर्धारित समय पर पुलिस पदाधिकारी एवं जवान एकत्रित होकर रोल कॉल में शामिल हो रहे हैं। इस दौरान थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों, गश्ती व्यवस्था, वाहन जांच अभियान, विशेष छापेमारी तथा अपराध नियंत्रण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए जा रहे हैं।

रोल कॉल के दौरान पुलिस कर्मियों की उपस्थिति, ड्यूटी की समीक्षा और अनुशासन संबंधी बिंदुओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही जवानों की समस्याओं और आवश्यकताओं को भी सुना जा रहा है, ताकि कार्य के दौरान आने वाली कठिनाइयों का समय पर समाधान किया जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार रोल कॉल केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह पुलिस बल को सक्रिय, सतर्क और जिम्मेदार बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए पुलिस कर्मियों को नई घटनाओं, अपराध की बदलती प्रवृत्तियों और विशेष अभियानों की जानकारी भी दी जा रही है।

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि जिले में बेहतर पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस बल का अनुशासित और अपडेट रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि रोल कॉल की प्रक्रिया नियमित और प्रभावी ढंग से संचालित हो तथा प्रत्येक पुलिस कर्मी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करे।

पुलिस विभाग का मानना है कि नियमित रोल कॉल से पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण में भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!