किशनगंज : साप्ताहिक अभियान में 54 गिरफ्तार, 11.81 लाख जुर्माना वसूला; भारी मात्रा में मादक पदार्थ व शराब जब्त

किशनगंज,27अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी और मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 20 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक चलाए गए साप्ताहिक अभियान में कुल 54 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
इस दौरान वाहन जांच और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 लाख 81 हजार 300 रुपये की शमन राशि वसूली गई।
पुलिस द्वारा अभियान के दौरान 515.670 ग्राम हेरोइन, 6.12 ग्राम स्मैक और 49.87 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई। इसके अलावा 46.6 लीटर देशी शराब बरामद की गई तथा 258 लीटर जावा (अवैध शराब) को विनष्ट किया गया।
वाहनों में एक ट्रक, एक जेसीबी, एक कार, तीन ट्रैक्टर और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। साथ ही 9 मोबाइल, 6 मवेशी, एक नाप-तौल मशीन, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो डेबिट कार्ड, एक वीजा कार्ड भी बरामद किया गया। नकद 7,230 रुपये भारतीय मुद्रा और 455 रुपये नेपाली करेंसी भी जब्त की गई है।
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



