District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रशासन की पैनी नजर, बाजारों में स्थिति सामान्य

किशनगंज,31मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी विशाल राज के निर्देश पर जिले में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित रखने तथा प्रवासियों के आगमन की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन की उच्चस्तरीय टीम ने मंगलवार को सघन निरीक्षण अभियान चलाया।

निरीक्षण दल में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, अपर जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे। टीम ने शहर के विभिन्न थोक एवं खुदरा बाजारों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य तेल, दाल, चीनी सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों की जांच की गई तथा स्टॉक रजिस्टर का भी सत्यापन किया गया।अधिकारियों ने व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर सामान की बिक्री नहीं करें। जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

इस दौरान प्रशासनिक टीम ने किशनगंज रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड का भी निरीक्षण किया और अन्य राज्यों से आने वाले प्रवासियों की संख्या तथा आवागमन की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई। बाजारों में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में किसी प्रकार की असामान्य वृद्धि नहीं देखी गई और आपूर्ति व्यवस्था भी सुचारू पाई गई। वहीं प्रवासियों के आगमन में भी किसी प्रकार का असामान्य उछाल नहीं पाया गया।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा बाजारों की लगातार निगरानी की जा रही है और जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!