राज्य

*बिहार के पियूष राज ने रचा इतिहास — ऑल इंडिया ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक, एशिया कप और विश्व एथलेटिक्स के लिए हुए चयनित*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद:बिहार के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण आया है। राज्य के होनहार युवा एथलीट पियूष राज ने केरल के त्रिवेंद्रम में आयोजित ऑल इंडिया ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर बिहार का नाम पूरे देश में रोशन किया है। पियूष राज ने यह दूरी मात्र 47.1 सेकंड में पूरी कर यह उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की।

यह उपलब्धि इसलिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि महान धावक शिवनाथ सिंह के बाद पियूष राज बिहार के पहले एथलीट हैं, जिन्होंने अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए अपनी जगह पक्की की है। यह बिहार की खेल प्रतिभा के लिए एक नई उड़ान का प्रतीक है।

राष्ट्रीय चीफ कोच ने दी बधाई, एशिया कप और विश्व एथलेटिक्स के लिए चयन

भारतीय एथलेटिक्स के मुख्य कोच श्री राधाकृष्णन ने स्वयं खेल मंत्री को फोन कर इस उपलब्धि की जानकारी दी और सूचित किया कि पियूष राज को 400 मीटर दौड़ के लिए एशिया कप और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप—दोनों प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं—के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। यह चयन बिहार के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर है।

पिछले तीन वर्षों से पियूष राज हैदराबाद में बिहार सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और अनुशासन आज इस स्वर्णिम सफलता के रूप में सामने आया है।

खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह का वक्तव्य

खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने पियूष राज को बधाई देते हुए कहा:
“पियूष राज की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे बिहार की जीत है। स्वर्गीय शिवनाथ सिंह जी के बाद बिहार से किसी एथलीट का अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयन होना हमारे लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार सरकार राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है, और पियूष राज इसी नीति का जीता-जागता प्रमाण हैं। हम आगे भी उनके साथ हैं।”

बिहार के खेल जगत के लिए नई सुबह

खेल विभाग, बिहार सरकार पियूष राज की इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता है। विभाग उनकी उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है। राज्य सरकार बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!