किशनगंजघटना/दुर्घटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

इंदौर अग्निकांड: सांसद ने परिजनों से की मुलाकात, किशनगंज में शोक की लहर

किशनगंज,20मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मध्यप्रदेश के इंदौर में 18 मार्च को अहले सुबह हुए भीषण अग्निकांड में किशनगंज के एक ही परिवार के छह लोगों की मौत के बाद शहर में शोक की लहर बनी हुई है। घटना से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

इसी क्रम में शुक्रवार को किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आज़ाद ने प्रभावित परिजनों से मुलाकात कर उनका दुःख साझा किया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।

विदित हो कि इस हृदयविदारक अग्निकांड ने किशनगंज के दो घरों का चिराग बुझा दिया है। हादसे में राजेश सेठिया के इकलौते पुत्र कार्तिक की मौत हो गई, जबकि मृतक विजय सेठिया के दामाद राजेश जैन के घर भी मातम पसरा हुआ है।

मृतकों में कॉस्मेटिक व्यवसायी विजय सेठिया, उनकी पत्नी, बेटी, नातिन एवं भतीजा कार्तिक सेठिया शामिल हैं। बताया जाता है कि जिस मकान में वे ठहरे हुए थे, उसमें अचानक आग लग गई, जिससे सभी सदस्य बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही फंस गए।

जानकारी के अनुसार, विजय सेठिया पिछले करीब एक महीने से इलाज के सिलसिले में इंदौर में रह रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी भी थीं। वहीं, दो दिन पूर्व उनकी बेटी, नातिन और भतीजा किशनगंज से इंदौर पहुंचे थे। 17 मार्च की रात सभी एक साथ ठहरे हुए थे, इसी दौरान 18 मार्च सुबह यह दर्दनाक हादसा हो गया। इधर, सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आज़ाद किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र के धर्मशाला रोड स्थित बनकट कुमार साह के घर भी पहुंचे, जहां उन्होंने उनके पिता स्वर्गीय हरि लाल सरदार के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की।

इस घटना के बाद तेरापंथ समाज सहित मारवाड़ी समाज में गहरा शोक व्याप्त है और हर ओर इस दुखद हादसे की चर्चा हो रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!