किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : माधवनगर सब्जी मंडी से पीलखाना पुल निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

किशनगंज,16मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज नगर की हृदयस्थली माधवनगर सब्जी मंडी से पीलखाना को जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर शहरवासियों के एक शिष्टमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी विशाल राज से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

शिष्टमंडल में वरिष्ठ पत्रकार हाजी अली रजा सिद्दिकी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष इमाम अली चिंटू, वार्ड संख्या 04 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नसर एजाज खान उर्फ निशू तथा सजल कुमार साहा शामिल थे।

सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि शहर के बीचों-बीच स्थित रमजान पुल ही वर्तमान में मुख्य आवागमन का साधन है, जो जिले के करीब छह से सात प्रखंडों को जोड़ता है। अत्यधिक यातायात के कारण यहां अक्सर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे व्यापारियों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में बताया गया कि इस समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद किशनगंज द्वारा माधवनगर सब्जी मंडी से पीलखाना रोड को जोड़ने वाले पुल का शिलान्यास किया जा चुका है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। शिष्टमंडल का कहना है कि जिस भू-भाग पर पुल का निर्माण होना है, वहां नगर परिषद की जमीन पर कुछ कर्मचारियों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की बात सामने आ रही है, जिसके कारण निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि बरसात का मौसम आने से पहले अविलंब पुल निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि रमजान पुल पर लगने वाले जाम से शहरवासियों को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!