किशनगंज : औचक निरीक्षण में देर रात तक जमे रहे एसपी, सुपरविजन मामलों की की समीक्षा

किशनगंज,22फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार देर शाम उन्होंने एसडीपीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण देर रात करीब एक बजे तक चला, जिसमें सुपरविजन से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
पदभार ग्रहण करने के बाद से ही एसपी द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों, सीमा इलाकों तथा पुलिस इकाइयों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। हाल के दिनों में उन्होंने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के साथ कोचाधामन, टेढ़ागाछ, फतेहपुर और बीबीगंज थाना का भी निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया था।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने जिले को चार जोनों में विभाजित कर लागू की गई ‘सुपर पेट्रोलिंग’ व्यवस्था की प्रगति की भी समीक्षा की।उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य रात्रि के समय अपराध नियंत्रण को मजबूत करना तथा न्यायालय परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
एसडीपीओ कार्यालय में निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों से सुपरविजन केसों की प्रगति, लंबित अनुसंधान, चार्जशीट दाखिल करने की स्थिति एवं अभिलेखों की गहन जांच की गई।
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सुपरविजन मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को आम जनता की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने दोहराया कि बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पदभार संभालने के बाद से ही उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और जनता के साथ संवाद बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है।
यह औचक निरीक्षण जिले में पुलिस की बढ़ती सक्रियता और प्रशासनिक सख्ती का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।



