स्वास्थ्य

कैंसर की समय पर पहचान एवं सम्पूर्ण ईलाज को लेकर सरकार गंभीरः मंगल पांडेय

– 4 से 11 फरवरी तक राज्यभर चलाया जा रहा विशेष स्क्रीनिंग अभियान
– सामान्य कैंसर, मधुमेह व उच्च रक्तचाप की हो रही स्क्रीनिंग

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना। स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडेय ने कहा कि गैर-संचारी रोगों, विशेषकर कैंसर की समय पर पहचान और उपचार को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में 4 फरवरी 2026 से 11 फरवरी तक विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर सभी जिलों में गैर-संचारी रोग खोज अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत राज्य के सदर अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क जांच-सह-चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों पर आने वाले व्यक्तियों का सामान्य कैंसर (मुंह, स्तन एवं गर्भाशय का मुख का कैंसर)सहित मधुमेह रोग एवं उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग की जा रही है।

श्री पांडेय ने कहा कि इन शिविरों में आने वाली महिलाओं की निजता की सुरक्षा सुनिश्चिचत कराते हुए उनके कैंसर (स्तन एवं गर्भाशय का मुख) की स्क्रीनिंग कराई जा रही है। प्रत्येक शिविर में प्रशिक्षित चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिसमें दो एमबीबीएस चिकित्सक (एक महिला चिकित्सक सहित), स्टाफ नर्स/एएनएम एवं काउंसलर शामिल हैं। जिलों में शिविरों के आयोजन एवं कैंसर स्क्रीनिंग कार्य में दक्षता प्राप्त संस्थानों से मदद ली जा रही है। कैंसर के प्रति डर और भ्रांतियों को दूर करना इस अभियान का अहम उद्देश्य है, ताकि लोग बिना संकोच जांच कराएं और बीमारी की शुरुआती अवस्था में ही इलाज संभव हो सके।

श्री पांडेय ने कहा कि जन-जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों में बैनर, पोस्टर, स्टैंडी, हैंडबिल एवं माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक तक निःशुल्क, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें और कैंसर जैसी घातक बीमारी के प्रति लोगों को सचेत किया जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!