किशनगंज में पीएम विश्वकर्मा योजना को लेकर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

किशनगंज,06फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME-DFO), भारत सरकार के तत्वावधान में शुक्रवार को सम्राट अशोक भवन, खगड़ा में पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में तृतीय चरण में सत्यापित लगभग 90 से 95 विश्वकर्माओं ने भाग लेकर एमएसएमई मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत लाभार्थियों को सशक्त बनाना तथा उनके पारंपरिक कौशल को आधुनिक बाजार से जोड़ना रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर परिषद किशनगंज के अध्यक्ष इन्द्रदेव पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र, किशनगंज के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल, अग्रणी बैंक प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक अभिषेक कुमार, शाखा प्रबंधक सौरभ कुमार, डाक विभाग के अधीक्षक संजीव चौधरी तथा सहायक निदेशक एमएसएमई मुजफ्फरपुर रमेश कुमार यादव ने अपने विचार रखे और योजनाओं से जुड़ी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय डाक सेवा के माध्यम से 20 से 25 विश्वकर्माओं को व्यापार सशक्तिकरण के उद्देश्य से क्यूआर कोड भी जारी किए गए। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक एमएसएमई मुजफ्फरपुर रमेश कुमार यादव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित विश्वकर्माओं ने योजना की जानकारी को उपयोगी बताते हुए इसे रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।


