ताजा खबर

जिलाधिकारी के निदेश पर पटना शहर में 2 फरवरी से अतिक्रमण के विरूद्ध स्पेशल ड्राईव की पुनः शुरूआत, किया गया है 9 (नौ) टीम का गठन

प्रभावी ढंग से अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलायें; व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरूद्ध विधि-सम्मत सख़्त कार्रवाई करेंः जिलाधिकारी ने दिया है सभी संबंधित अधिकारियों, एसडीओ एवं एसडीपीओ को निदेश
——————————

पब्लिक न्यूसेंस हटाने के लिए पुलिस से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर नोटिस देकर कार्रवाई करेंः जिलाधिकारी ने दिया निदेश
——————————–

पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगीः ज़िलाधिकारी
————————————-

यातायात व्यवधान, अतिक्रमण एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरूद्ध प्रशासन की शून्य सहिष्णुता; अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित कर निदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंः जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिया निदेश
————————————-

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निदेश पर पटना शहर में 02 फरवरी से अतिक्रमण के विरूद्ध पुनः स्पेशल ड्राईव चलाया जाएगा। अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान का फरवरी माह का कैलेंडर जारी कर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा 9 (नौ) टीम का गठन किया गया है। यह एक मल्टी-एजेंसी विशेष अभियान है जो पटना नगर निगम के छः अंचलों-नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बाँकीपुर, अजीमाबाद, पटना सिटी- के साथ नगर परिषद् खगौल, फुलवारीशरीफ एवं दानापुर निजामत में भी चलाया जाएगा। इसमें प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशाम, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हैं। जिलाधिकारी द्वारा निदेश दिया गया है कि सभी सम्बद्ध पदाधिकारी अन्तर्विभागीय सुदृढ़ समन्वय एवं सार्थक संवाद स्थापित कर निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों से जनहित में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमित तौर पर की जा रही है। शहरी प्रबंधन इकाई के अधिकारियों को हर महीने अग्रिम तौर पर अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान का कैलेंडर जारी कर जनहित में प्रभावी ढंग से अतिक्रमण हटाने तथा फॉलो-अप टीम को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि अतिक्रमण हटाने हेतु निम्न क्षेत्रों/मार्गों को शीर्ष प्राथमिकता पर रखते हुए संबंधित अंचल/नगर परिषद द्वारा अभियान दिवस के अतिरिक्त प्रत्येक कार्य दिवस को भी अतिक्रमण उन्मूलन गतिविधि को क्रियान्वित करना है तथा फॉलोअप कर यह सुनिश्चित करना है कि इन मार्गों/क्षेत्रों पर अतिक्रमण न रहे ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो। ये क्षेत्र हैं: सगुना मोड़ से दानापुर रेलवे स्टेशन, शेखपुरा मोड़ से रूकनपुरा तक, बोरिंग रोड, बोरिंग कैनाल रोड-राजापुर मार्ग, अटल पथ, बेऊर मोड़ से पहाड़ी तक, पटना स्टेशन रोड, कंकड़बाग मेन रोड, कंकड़बाग टेम्पू स्टैण्ड से शालीमार स्वीट्स, गाँधी मैदान के चारों ओर का क्षेत्र, गाँधी मैदान से दीघा, गाँधी मैदान से पटना सिटी क्षेत्र इत्यादि। जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि पटना शहर अन्तर्गत पटना नगर निगम/नगर परिषद में सर्वेक्षित महत्वपूर्ण टी-प्वाईंट, गोलम्बर, चौराहों को प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण मुक्त ( ZERO TOLERANCE ZONE ) रखें ताकि सुगम यातायात कायम हो सके। साथ ही टी. प्वाईंट/गोलंबर/चौराहों पर कृत कार्रवाई का दैनिक प्रतिवेदन समर्पित करेंगे।

जिलाधिकारी ने संबंधित अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को परिणाम-आधारित अतिक्रमण उन्मूलन मल्टी-एजेंसी विशेष अभियान चलाने तथा व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरूद्ध विधि-सम्मत सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को आदतन अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर इनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। दुबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि ’यातायात पुलिस अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विशेष वाहन चेकिंग अभियान’ चलाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाया जाना ज़रूरी है। जेपी गंगा पथ, नेहरू पथ, अटल पथ, चितकोहरा पुल, विकास भवन, डाकबंगला चौराहा, गोरिया टोली से जीपीओ, पटना जंक्शन, चिरैयाटांड़ पुल, राजापुर पुल, राजा बाजार, कारगिल चौक से एनआईटी, कंकड़बाग रोड, अनीसाबाद, सगुना मोड़ को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त रखा जाए तथा इसकी विशेष निगरानी की जाय, ताकि पुनः अतिक्रमण की समस्या को तत्काल रोका जा सके। इसके अतिरिक्त हरमंदिर साहिब गुरूद्वारा, बाललीला गुरूद्वारा, कंगनघाट, गुरू के बाग का क्षेत्र सहित मोर्चा रोड, मारूफगंज मोड़ से मालसलामी से दीदारगंज थाना, अशोक राजपथ, नेहरू पथ (आयकर गोलम्बर से शेखपुरा से राजा बाजार), राजेन्द्र नगर टर्मिनल क्षेत्र सहित अन्य सभी मुख्य मार्गों को जनहित में अतिक्रमणमुक्त रखना अत्यावश्यक है। इसमें किसी भी व्यक्ति द्वारा कोई व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि गठित की गई टीम शहर के मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाएगी, सड़कों पर अवैध व्यावसायिक गतिविधि करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी तथा सुगम यातायात हेतु प्रबंधन करेगी।

प्रत्येक टीम में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों सहित महिला बल, पुलिस बल एवं लाठी बल को भी तैनात किया गया है। नगर निकायों से क़ार्यपालक पदाधिकारियों, नगर प्रबंधकों, मुख्य सफाई निरीक्षकों, कर्मियों और वीडियोग्राफर को लगाया गया है।

जिलाधिकारी ने दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों सहित पूरी टीम को समय से अभियान पर उपस्थित होकर सफलतापूर्वक अभियान चलाने का निदेश दिया है। डेडिकेटेड फॉलो-अप टीम भी लगातार सक्रिय रखने का निदेश दिया गया है।

इस फ़ेज़ में यह अभियान 28 फरवरी तक चलेगा। रोस्टरवार कई टीम कर्तव्य पर मुस्तैद रहेगी। जिलाधिकारी द्वारा इसकी प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी तथा अभियान के परिणाम का ज़ायज़ा लिया जाएगा। प्राप्त तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

======================
ज़िलाधिकारी ने कहा कि पटना जिला में शहरी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए डेडिकेटेड संगठनीय ढांचा क्रियाशील है। जिला पदाधिकारी, पटना के नियंत्रणाधीन जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं संबंधित नगर निकायों की एकीकृत शहरी प्रबंधन इकाई सक्रिय है। अपर जिला दंडाधिकारी (नगर-व्यवस्था) को शहरी प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए नियमित तौर पर अतिक्रमण उन्मूलन अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया है ताकि आम जनता को ट्रैफिक जाम इत्यादि समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि नेहरू पथ, गाँधी मैदान, बैरिया, अशोक राजपथ, अटल पथ सहित विभिन्न मार्गों पर नियमित तौर पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है। अस्थायी अतिक्रमण के अलावा मुख्य पथों पर स्थायी अतिक्रमण, अगर कोई हो तो, उसे चिन्हित कर विधिवत कार्यवाही चलाते हुए अतिक्रमण हटाने का निदेश पदाधिकारियों को दिया गया है। ज़िलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न मार्गों पर एस्कलेटर-युक्त एफओबी, अंडरपास, सड़कों का चौड़ीकरण एवं सौन्दर्यीकरण, वेंडर्स के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का निर्माण एवं अन्य सभी बिन्दुओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है ताकि आम जनता को सरकार के उद्देश्यों के अनुरूप बेहतर-से-बेहतर सुविधा उपलब्ध हो।
======================

जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित में नियमित तौर पर अतिक्रमण उन्मूलन विशेष अभियान चलाया जाता है। नगर निगम सहित सभी सम्बद्ध विभागों एवं एजेंसियों के पदाधिकारियों द्वारा पूर्व के अभियानों में अच्छा काम किया गया है। खाली कराए गए जगहों पर वृक्षारोपण सहित सौंदर्यीकरण का कार्य भी करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने अभियान में शामिल सभी विभागों एवं एजेंसियों-प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, अग्निशाम, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, विद्युत, वन एवं अन्य विभाग-के अधिकारियों को आपस में सुदृढ़ समन्वय कायम करते हुए अभियान को सफल बनाने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा पुलिस बल को अतिक्रमण उन्मूलन अभियान में लगाएँ। संबंधित अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अतिक्रमण उन्मूलन अभियान का नेतृत्व करेंगे। प्रत्येक टीम में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, नगर निकायों से कार्यपालक पदाधिकारियों, नगर प्रबंधकों, मुख्य सफाई निरीक्षकों, कर्मियों तथा वीडियोग्राफर की कर्तव्य स्थल पर ससमय उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित में सड़कों, फुटपाथ एवं सर्विस रोड को अतिक्रमणमुक्त रखना आवश्यक है। सभी मुख्य मार्गों एवं प्रधान मार्गों (आर्टिरियल रोड तथा ट्रंक रोड) से अवैध वेंडिंग तथा अवैध पार्किंग को हटाएँ। किसी भी मार्ग पर किसी भी तरह की अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधि की स्वीकृति नहीं दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि सुगम यातायात के लिए यह अनिवार्य है। जिलाधिकारी ने सभी क्षेत्रों में नियमित तौर पर अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाने का निदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी तथा नगर कार्यपालक पदाधिकारी अभियान चलाने से पहले क्षेत्र में ’विधिवत माईकिंग’ कराएंगे। अतिक्रमण हटाने की सम्पूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित करेंगे। अतिक्रमण में प्रयुक्त सामानों की ’अधिक-से-अधिक ज़ब्ती की जाए तथा नियमानुसार अर्थदंड’ लगाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्य हेतु नगर निकायों को समुचित शक्ति प्रदत्त है। अस्थायी अतिक्रमण की स्थिति में 5,000/- रुपया तथा स्थायी अतिक्रमण की स्थिति में 20,000/- रुपये का दंड लगाने का अधिकार दिया गया है।

जिलाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक से यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है कि थानाध्यक्ष अतिक्रमण हटाने का विवरण स्टेशन डायरी में भी अंकित करें।

जिलाधिकारी ने अतिक्रमण उन्मूलन अभियान में व्यवधान डालने वालों से सख्ती से निपटने का निर्देश दिया है। उन्होंने ऐसे तत्वों के विरुद्ध क़ानूनी कार्रवाई करने को कहा है। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उक्त अतिक्रमण उन्मूलन एवं यातायात व्यवस्था सुचारू करने के कार्य के अवसर पर अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत विधि-व्यवस्था संधारण के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे तथा कार्यक्रम के दौरान भ्रमणशील रहकर सतत निगरानी रखेंगे।

जिलाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक से यह भी अनुरोध किया है कि संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों तथा थानाध्यक्षों के माध्यम से यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थिति में पुनः अतिक्रमण न हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रहे। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में फॉलो-अप टीम लगातार सक्रिय रहेगी। जहां-जहां अतिक्रमण हटाया गया है वहां यह टीम पुनः अतिक्रमण की घटना से सख्ती से निपटेगी। ’पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी’।

जिलाधिकारी द्वारा विशेष अभियान के तहत प्रभावशाली ढंग से अतिक्रमण उन्मूलन अभियान संचालित करने के लिए एक पाँच-सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है जो निम्नवत हैः-

(क) पुलिस अधीक्षक, यातायात, पटना

(ख) अपर जिला दण्डाधिकारी, नगर व्यवस्था, पटना

(ग) पुलिस अधीक्षक, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था, पटना

(घ) अपर नगर आयुक्त, पटना नगर निगम

(च) सिटी मजिस्ट्रेट-सह-प्रभारी दण्डाधिकारी, जिला नियंत्रण कक्ष, पटना

जिलाधिकारी ने कहा है कि सुव्यवस्थित यातायात-प्रबंधन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निदेश दिया कि मल्टी एजेंसी विशेष अभियान में प्रारम्भ से लेकर कार्य समाप्ति तक मॉनिटरिंग सेल के सभी पदाधिकारी संयुक्त रूप से क्रियाशील रहकर विशेष निगरानी रखेंगे।

विदित हो कि जिलाधिकारी द्वारा पटना में अतिक्रमण उन्मूलन, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षित परिवहन से संबंधित विषयों पर नियमित समीक्षा बैठक की जाती है। उन्होंने निदेश दिया है कि शहर के मुख्य सड़कों पर अवैध व्यावसायिक गतिविधि करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करें। ’पैदल यात्रियों के लिए चलने वाले रास्तों-फुटपाथ पर अवैध दुकानों का संचालन करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाए’। जिन बड़े-बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा पार्किंग का प्रबंध नहीं किया गया है वहाँ अवैध पार्किंग के विरूद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई करें। ’अस्पतालों यथा आईजीआईएमएस, पीएमसीएच, एनएमसीएच, एम्स इत्यादि के आस-पास कोई अतिक्रमण नहीं रहना’ चाहिए। रोगियों, डॉक्टर्स तथा एम्बुलेंस के सुगम आवागमन में कोई व्यवधान नहीं पड़ना चाहिए। वाहनों के अवैध पड़ाव पर रोक लगाएँ तथा विधि-सम्मत दंडात्मक कार्रवाई करें।

ग़ौरतलब है कि पटना शहर में नियमित अंतराल पर तथा लगातार अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया जाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि वाहनों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण अक्सर यातायात पर दबाव देखा जा रहा है। कंजेशन की समस्या दूर करने तथा सुचारू परिवहन के लिए यातायात-प्रबंधन आवश्यक है। इससे सड़क दुर्घटना को रोका जा सकता है। अतिक्रमण हटाने से इस लक्ष्य को हासिल करना आसान होगा।

======================
ज़िलाधिकारी ने अधिकारियों को निदेश दिया कि लोगों की हर सुविधा का ख्याल रखें। सभी स्टेकहोल्डर्स से संवाद कायम रखें। जिला प्रशासन के सभी अंग यथा नगर व्यवस्था, परिवहन, जिला नियंत्रण कक्ष, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा नगर निकाय सुचारू यातायात व्यवस्था हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई करें।
======================

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला नियंत्रण कक्ष, अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सदर/पटना सिटी तथा दानापुर शहरी क्षेत्रों में सुचारू यातायात व्यवस्था हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई करे। अवैध संरचना/अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों के पर्यवेक्षण में लगातार अभियान चलाएँ। पब्लिक न्यूसेंस हटाने के लिए पुलिस से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की सुसंगत धारा में नोटिस देकर कार्रवाई करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सुगम एवं सुचारू यातायात की व्यवस्था जनहित में अत्यावश्यक है। यह हमारे कार्यशैली एवं जीवन-शैली पर भी काफी प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवधान, अतिक्रमण एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरूद्ध प्रशासन शून्य सहिष्णुता के सिद्धांत पर काम करता है। सभी सम्बद्ध पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहें।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!